गोदाम से 479.5 लीटर विदेशी शराब बरामद, पिता और दो बेटों समेत तीन गिरफ्तार
कटिहार, 08 नवंबर (हि.स.)। कटिहार नगर थाना पुलिस ने शराब तस्करों के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई करते हुए हरिगंज मोहल्ला (कोरियापट्टी) स्थित एक गोदाम से 479.5 लीटर अवैध विदेशी शराब बरामद की है। पुलिस ने मौके से अवैध शराब के सिंडिकेट में शामिल गोदाम मालिक और उसके दो बेटों को रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया है।
गुप्त सूचना के आधार पर हुई घेराबंदी
पुलिस के अनुसार, नगर थानाध्यक्ष को गुप्त सूचना मिली थी कि हरिगंज मोहल्ला (कोरियापट्टी) निवासी गौरव कुमार सिंह के गोदाम में बिक्री के लिए भारी मात्रा में अवैध विदेशी शराब छिपाकर रखी गई है। सूचना के सत्यापन और त्वरित कार्रवाई के लिए नगर थानाध्यक्ष ने पुलिस बल के साथ उक्त गोदाम पर विधिवत छापेमारी की। तलाशी के दौरान गोदाम से कुल 479.5 लीटर विदेशी शराब की खेप जब्त की गई।
पिता और दोनों पुत्र सलाखों के पीछे
छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से शराब कारोबार में संलिप्त तीनों तस्करों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान गोदाम मालिक संतोष सिंह (58 वर्ष, पिता- स्व. नंदलाल सिंह) तथा उनके दो पुत्रों योगेश सिंह (31 वर्ष) एवं गौरव कुमार सिंह (29 वर्ष) के रूप में हुई है। तीनों आरोपी नगर थाना क्षेत्र के हरिगंज मोहल्ला के ही रहने वाले हैं।
इस मामले में नगर थाना में मद्यनिषेध अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है तथा पुलिस शराब की इस खेप के फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंकेज की जांच करते हुए अग्रतर कानूनी कार्रवाई कर रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह

