कठूमर पंचायत समिति में एसीबी की कार्रवाई, सहायक और कनिष्ठ अभियंता रिश्वत लेते गिरफ्तार
जयपुर, 22 सितंबर (हि.स.)। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने मंगलवार को अलवर की पंचायत समिति कठूमर में कार्रवाई करते हुए सहायक अभियंता शिवराम और कनिष्ठ अभियंता मिन्ना खान को रिश्वत लेते गिरफ्तार किया। सहायक अभियंता को 25 हजार रुपये और कनिष्ठ अभियंता को 10 हजार रुपये रिश्वत लेते पकड़ा गया।
भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो के पुलिस महानिदेशक गोविन्द गुप्ता ने बताया कि एसीबी चौकी भिवाड़ी को मैसर्स पोसवाल कंपनी की ओर से शिकायत मिली थी। फर्म ने ग्राम पंचायत में एफएसएसी योजना के तहत निविदा के माध्यम से राजीव गांधी सेवा केंद्र ईटोला का मरम्मत कार्य कराया था। कार्य का 2.52 लाख रुपये का बिल पंचायत समिति कठूमर में भुगतान के लिए लंबित था।
शिकायत के अनुसार बिल भुगतान के एवज में सहायक अभियंता शिवराम ने 40 हजार रुपये और कनिष्ठ अभियंता मिन्ना खान ने 15 हजार रुपये रिश्वत की मांग की। एसीबी ने शिकायत का सत्यापन कराया। सत्यापन के दौरान सहायक अभियंता 35 हजार रुपये लेने पर सहमत हुआ, जिसमें 10 हजार रुपये मौके पर और 25 हजार रुपये बाद में देना तय हुआ। इसी तरह कनिष्ठ अभियंता ने 15 हजार रुपये में से पांच हजार रुपये मौके पर और 10 हजार रुपये बाद में लेने पर सहमति दी।
इसके बाद एसीबी चौकी प्रभारी एवं ट्रैप अधिकारी पुलिस निरीक्षक सुरजीत सिंह के नेतृत्व में टीम ने कार्रवाई करते हुए सहायक अभियंता शिवराम को 25 हजार रुपये और कनिष्ठ अभियंता मिन्ना खान को 10 हजार रुपये रिश्वत लेते गिरफ्तार कर लिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

