काशीपुर में अवैध डिजिटल एक्सचेंज का भंडाफोड़, एक गिरफ्तार
काशीपुर, 29 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तराखंड स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने ऊधमसिंह नगर जिले के काशीपुर में अवैध टेलीकॉम सेटअप का भंडाफोड़ कर एक आरोपित को गिरफ्तार किया है। एनएस एंटरप्राइजेज के नाम से संचालित इस सेटअप में इंटरनेट आधारित एसआईपी कनेक्शन के माध्यम से अंतरराष्ट्रीय कॉल गेटवे (आईएलडी) बाईपास और स्वचालित कॉलिंग किए जाने की आशंका है। प्रारंभिक तकनीकी जांच में 21 दिनों के भीतर 45,453 आउटगोइंग कॉल किए जाने की जानकारी सामने आई है।
एसटीएफ के अनुसार, तकनीकी इनपुट के आधार पर साइबर क्राइम कुमाऊं यूनिट और दूरसंचार विभाग की टीम ने संयुक्त कार्रवाई की। मौके से कंप्यूटर, जियो और एयरटेल के राउटर, एसआईपी उपकरण, मोबाइल फोन, पेन ड्राइव और अन्य नेटवर्किंग उपकरण बरामद किए गए हैं।
गिरफ्तार आरोपित की पहचान नईमुद्दीन पुत्र जाहिद हुसैन, निवासी मनकुआ मकसूदपुर, थाना डिलारी, जिला मुरादाबाद (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। उसके विरुद्ध साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन कुमाऊं, रुद्रपुर में भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) और 61(2), सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धारा 66सी और 66डी तथा दूरसंचार अधिनियम, 2023 की धारा 42(1) और 42(3) के तहत अभियोग दर्ज किया गया है।
एसटीएफ की तकनीकी जांच में कंप्यूटर सिस्टम पर लिनक्स आधारित वर्चुअल मशीन, फ्रीपीबीएक्स लॉगिन, रिमोट एक्सेस सॉफ्टवेयर और एसएसएच क्लाइंट से संबंधित डिजिटल साक्ष्य मिले हैं। सिस्टम में व्हाट्सएप वेब से संबंधित साक्ष्य भी पाए गए हैं। चैट में एसआईपी ट्रंक, एसआईपी केबल और इंटरनेट कनेक्शन से जुड़ी बातचीत सामने आने के बाद संबंधित डिजिटल सामग्री और तकनीकी लॉग सुरक्षित किए गए हैं।
जांच टीम ने कंप्यूटर सिस्टम और वर्चुअल मशीन का रैम डंप भी संकलित किया है। बरामद उपकरणों और डिजिटल साक्ष्यों का तकनीकी विश्लेषण किया जा रहा है। एसटीएफ अन्य संभावित सहयोगियों की भूमिका की भी जांच कर रही है।
एसटीएफ के मुताबिक, प्रदेश में पिछले एक माह के दौरान सिम बॉक्स और अवैध टेलीकॉम सेटअप से संबंधित तीन अभियोग दर्ज किए गए हैं और चार आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है।
एसटीएफ ने साइबर वित्तीय धोखाधड़ी होने पर तत्काल हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करने या राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराने की अपील की है।
---------
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

