home page

करोल बाग में 18.5 लाख की चोरी, दो गिरफ्तार

 | 

नई दिल्ली, 30 मार्च (हि.स.)। मध्य जिले के करोल बाग इलाके में 18.5 लाख रुपये की नकदी चोरी के मामले में पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए दो आरोपिताें को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपिताें के कब्जे से 13.5 लाख रुपये की नकदी भी बरामद की है।

मध्यजिलेके पुलिस उपायुक्त राेहित राजबीर सिंह ने साेमवार काे बताया कि 25 मार्च को मिली शिकायत में पीड़ित ने बताया कि उसे अपने मालिक से 18.5 लाख रुपये एक दुकानदार को देने के लिए मिले थे। 24 मार्च की रात वह मोटरसाइकिल से गफ्फार मार्केट की ओर जा रहा था। बाजार पहुंचने पर उसने देखा कि उसके बैग की जिप खुली हुई है और नकदी गायब है। मामले में करोल बाग थाने में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस टीम ने विष्णु मंदिर मार्ग से गफ्फार मार्केट तक लगे सीसीटीवी कैमरों की बारीकी से जांच की। फुटेज में दो संदिग्ध युवक पीड़ित का पीछा करते हुए दिखाई दिए। जिन्होंने भीड़भाड़ का फायदा उठाकर बैग की जिप खोलकर नकदी उड़ा ली। पुलिस उपायुक्त के अनुसार लगातार निगरानी और तकनीकी जांच के आधार पर 27 मार्च को दोनों आरोपिताें को पहाड़गंज इलाके से गिरफ्तार कर लिया गया। पकड़े गए आरोपिताें की पहचान दीपक उर्फ दीपु (25) और सनी उर्फ उंगली (23) के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपिताें ने खुलासा किया कि वे भीड़भाड़ वाले बाजारों में ऐसे लोगों को निशाना बनाते थे, जिनके पास नकदी होने का अंदेशा होता था। भीड़ का फायदा उठाकर वे बैग की जिप खोलकर चोरी को अंजाम देते थे। पुलिस ने बताया कि आरोपित दीपक के घर से 13.5 लाख रुपये बरामद किए गए हैं। दोनों आरोपिताें का आपराधिक रिकॉर्ड भी रहा है और वे पहले भी चोरी के कई मामलों में शामिल रह चुके हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी