भीड़भाड़ वाले बाजार में बैग की चेन खोलकर उड़ाया था सोने के जेवर का पार्सल, सीसीटीवी से दबोचा गया शातिर
नई दिल्ली, 03 अगस्त (हि.स.)। मध्य जिले के करोल बाग के भीड़भाड़ वाले बाजार में डिलीवरी के लिए ले जाए जा रहे 14 कैरेट सोने के जेवरों से भरे पार्सल की चोरी के मामले में पुलिस ने एक आरोपित को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपित के कब्जे से चोरी किया गया पूरा पार्सल बरामद कर लिया। बरामद पार्सल में 112.82 ग्राम वजनी 14 कैरेट सोने के आभूषण हैं। आरोपित पहले भी हत्या, लूट और चोरी जैसे मामलों में जेल जा चुका है। आरोपित की पहचान आनंद पर्वत निवासी भरत उर्फ गुड्डा (27) के रूप में हुई है।
मध्य जिला पुलिस उपायुक्त रोहित राजबीर सिंह ने सोमवार को बताया कि 31 जुलाई को करोल बाग थाने में इस संबंध में मामला दर्ज किया गया था। शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया कि वह पटपड़गंज स्थित श्री बालाजी कंपनी में काम करता है। 30 जुलाई को कंपनी मालिक प्रदीप के निर्देश पर उसने करोल बाग के गनुन लॉजिस्टिक्स से 14 कैरेट सोने के जेवरों का पार्सल लिया था, जिसे बीडनपुरा की गली नंबर-10 में पहुंचाना था। शिकायतकर्ता जब डिलीवरी स्थल पर पहुंचा तो उसे पता चला कि उसके बैकपैक की चेन खुली हुई है और उसमें रखा सोने के जेवरों वाला पार्सल गायब है। इसके बाद उसने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना करोल बाग की टीम ने जांच शुरू की। पुलिस ने गली नंबर-2 से गली नंबर-10 तक लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को बारीकी से खंगाला। जांच के दौरान एक युवक शिकायतकर्ता के बैग की चेन खोलकर पार्सल निकालते और वहां से भागते हुए दिखाई दिया। पुलिस ने लगातार सीसीटीवी फुटेज के जरिए आरोपित की गतिविधियों का पीछा किया और उसकी पहचान आनंद पर्वत निवासी भरत उर्फ गुड्डा (27) के रूप में की। इसके बाद पुलिस ने छापेमारी कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने पहले पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की, लेकिन सख्ती से पूछताछ करने पर उसने चोरी की वारदात स्वीकार कर ली। उसने बताया कि वह भीड़भाड़ वाले बाजारों में ऐसे लोगों पर नजर रखता था, जो कीमती सामान या पार्सल लेकर चलते थे। मौका मिलते ही वह चुपचाप बैग की चेन खोलकर सामान निकाल लेता था और भीड़ का फायदा उठाकर फरार हो जाता था। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने चोरी किया गया पूरा पार्सल बरामद कर लिया, जिसमें 112.82 ग्राम वजनी 14 कैरेट सोने के जेवर सुरक्षित मिले।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी

