करोल बाग में युवक को मारी गोली, हालत नाजुक
नई दिल्ली, 24 अप्रैल (हि.स.)। मध्य जिले के करोल बाग इलाके में गुरुवार देर रात गोलीबारी की घटना सामने आई है। जिसमें एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।
पुलिस ने हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मध्य जिले के पुलिस उपायुक्त रोहित राजबीर सिंह ने शुक्रवार को बताया कि रात करीब 3:55 बजे लेडी हार्डिंग अस्पताल से सूचना मिली। जिसमें रोहित नामक युवक को गोली लगने की सूचना दी गई। घायल रोहित आनंद पर्वत इलाके के थान सिंह नगर का रहने वाला है। प्राथमिक जांच में घटना स्थल करोल बाग थाना क्षेत्र का पाया गया।
अस्पताल में भर्ती रोहित फिलहाल डॉक्टरों की निगरानी में है। उसने पुलिस को शुरुआती बयान में हमलावरों के बारे में कुछ जानकारी दी है, जिसके आधार पर आरोपितों की तलाश शुरू कर दी गई है। इधर घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और की टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। जांच के दौरान मौके से दो खाली कारतूस और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ है। जिससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि हमलावरों ने तीन राउंड फायरिंग की। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हमले के पीछे की वजह का अभी पता नहीं चल सका है। आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और संदिग्धों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी

