home page

कर्नाटक पुलिस की हिरासत से फरार हुआ शातिर बदमाश इस्लामपुर से गिरफ्तार

 | 
कर्नाटक पुलिस की हिरासत से फरार हुआ शातिर बदमाश इस्लामपुर से गिरफ्तार


सिलीगुड़ी, 29 नवंबर (हि. स.)। कर्नाटक पुलिस को चकमा देकर फरार हुए शातिर बदमाश सुजन लखंड्री को आखिरकार सिलीगुड़ी के प्रधान नगर थाना पुलिस ने धर दबोचा है। शनिवार देर रात उत्तर दिनाजपुर जिले के इस्लामपुर से आरोपित को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तारी के बाद रविवार को उसे सिलीगुड़ी महकमा अदालत में पेश किया गया।

उल्लेखनीय है कि सुजन लखंड्री कर्नाटक के मैसूर में हुई करोड़ों रुपये के सोने और हीरे के आभूषणों की डकैती का मुख्य आरोपित है। हाल ही में झारखंड एसटीएफ और माटीगाड़ा थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने सालबाड़ी इलाके के एक किराए के मकान से उसे गिरफ्तार किया था। इसके बाद आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए आरोपित को कर्नाटक पुलिस को सौंप दिया गया।

बीते मंगलवार को कर्नाटक पुलिस ने सुजन को सिलीगुड़ी महकमा अदालत में पेश कर चार दिनों की ट्रांजिट रिमांड हासिल की थी।

आरोप है कि रिमांड मिलने के बाद कर्नाटक पुलिस की टीम आरोपित को थाने के लॉकअप में रखने के बजाय एक ऑटो में बैठाकर सिलीगुड़ी जंक्शन इलाके के एक निजी होटल में ले गई। जहां से बुधवार सुबह मौका पाकर सुजन होटल के बाथरूम की खिड़की तोड़कर फरार हो गया था।

दूसरे राज्य की पुलिस की हिरासत से इस तरह कैदी के फरार होने से पूरे सिलीगुड़ी शहर में हड़कंप मच गया था। घटना के बाद से ही प्रधान नगर थाना पुलिस फरार आरोपित की तलाश में जुटी थी। कई सुरागों को खंगालने के बाद पुलिस की एक विशेष टीम ने शनिवार देर रात इस्लामपुर में छापेमारी कर सुजन लखंड्री को दबोच लिया। पुलिस हिरासत से भागने के आरोप में आरोपित के खिलाफ एक नया मामला दर्ज किया गया है।

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार