करैरा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 38 लाख कीमत का 194 किलो गांजा सहित, दो तस्कर गिरफ्तार
शिवपुरी, 27 मई (हि.स.)। मध्यप्रदेश के शिवपुरी जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत करैरा थाना पुलिस ने बुधवार काे बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए करीब 194 किलो गांजा बरामद कर दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। जब्त गांजे और वाहन की कुल कीमत लगभग 38 लाख रुपये बताई जा रही है।
पुलिस को सूचना मिली थी कि पिछोर-बामौर रोड से एक सिल्वर रंग की हुंडई क्रेटा कार में अवैध गांजा ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक विनोद छावई के नेतृत्व में पुलिस टीम ने क्षेत्र में घेराबंदी कर संदिग्ध वाहन को रोक लिया। तलाशी के दौरान कार में रखी प्लास्टिक की बोरियों से 194 किलो गांजा बरामद हुआ।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने नीरज राय (40) निवासी टीला करैरा और मानसिंह विश्वकर्मा (36) निवासी नयाटाल टीला करैरा को मौके से गिरफ्तार किया। आरोपिताें के कब्जे से लगभग 10 लाख रुपये कीमत की हुंडई क्रेटा कार भी जब्त की गई।
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपिताें ने स्वीकार किया कि वे गांजा उड़ीसा से लेकर आए थे। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि मादक पदार्थ की खेप किन इलाकों में सप्लाई की जानी थी और इसके पीछे कोई अंतरराज्यीय तस्करी गिरोह सक्रिय है या नहीं।
मामले में थाना करैरा में अपराध क्रमांक 346/26 दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक शिवपुरी श्रीमती यांगचेन डोलकर भूटिया के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजीव मुले एवं एसडीओपी करैरा डॉ. आयुष जाखड़ के मार्गदर्शन में की गई। पुलिस टीम अब पूरे नेटवर्क और सप्लाई चेन की गहन पड़ताल में जुटी हुई है।
हिन्दुस्थान समाचार / युगल किशोर शर्मा

