home page

करौली में जयपुर डिस्कॉम का टेक्नीशियन आठ हजार रुपये रिश्वत लेते गिरफ्तार

 | 
करौली में जयपुर डिस्कॉम का टेक्नीशियन आठ हजार रुपये रिश्वत लेते गिरफ्तार


जयपुर, 22 सितंबर (हि.स.)। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने मंगलवार को करौली में कार्रवाई करते हुए जयपुर डिस्कॉम हिंडौन सिटी के टेक्नीशियन प्रथम (सहायक स्टोर कीपर) जगदीश बैरवा को आठ हजार रुपये रिश्वत लेते गिरफ्तार किया। आरोपी परिवादी के जले हुए विद्युत ट्रांसफार्मर के स्थान पर नया ट्रांसफार्मर उपलब्ध कराने की एवज में रिश्वत ले रहा था।

भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो के पुलिस महानिदेशक गोविन्द गुप्ता ने बताया कि एसीबी चौकी करौली को शिकायत मिली थी कि परिवादी का विद्युत ट्रांसफार्मर जल जाने के बाद उसे जमा कराने और उसके स्थान पर नया ट्रांसफार्मर स्टोर से दिलाने की एवज में आरोपी नौ हजार रुपये रिश्वत मांग रहा है। शिकायत के सत्यापन में रिश्वत मांगने की पुष्टि होने पर ट्रैप कार्रवाई की गई।

एसीबी करौली के पुलिस निरीक्षक जगदीश भारद्वाज के नेतृत्व में टीम ने सहायक अभियंता कार्यालय परिसर में कार्रवाई करते हुए आरोपी को आठ हजार रुपये रिश्वत लेते गिरफ्तार किया। रिश्वत की राशि आरोपी की पहनी हुई पैंट की सामने की दाहिनी जेब से बरामद की गई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश