कानपुर : 25 हजार की इनामी आरोपिता गिरफ्तार
कानपुर, 22 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के कानपुर जनपद में नौबस्ता थाना पुलिस और दक्षिण जोन की सर्विलांस टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए बुधवार को 25 हजार रुपये की इनामी वांछित महिला आरोपित को गिरफ्तार किया है। आरोपिता लंबे समय से फरार चल रही थी और उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) तथा पॉक्सो अधिनियम की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज था।
पुलिस उपायुक्त दक्षिण दीपेंद्र नाथ चौधरी ने बताया कि अपराधियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के दौरान सर्विलांस से मिली सटीक सूचना के आधार पर नौबस्ता थाना पुलिस टीम ने बर्रा क्षेत्र में दबिश देकर आरोपिता को हिरासत में लिया। पूछताछ के बाद उसकी गिरफ्तारी दर्शाते हुए आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई।
डीसीपी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपिता की पहचान मूलरूप से बिल्हौर के हरदेव नगर, हॉल पता शिवनगर बनपुरवा में किराये पर रहने वाली पलक सिंह उर्फ सोनाली अवस्थी के रूप में हुई है। उसके विरुद्ध नौबस्ता थाने में दर्ज मुकदमें के साथ पॉक्सो अधिनियम के तहत भी आरोप हैं।
उन्होंने बताया कि आरोपिता की गिरफ्तारी के लिए पहले ही 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। काफी समय से उसकी तलाश की जा रही थी। आज गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है।-----------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

