(अपडेट) कानपुर किडनी कांड : दो ओटी टेक्नीशियन गिरफ्तार, अन्य की तलाश जारी
कानपुर, 02 अप्रैल (हि.स.)। कानपुर में अवैध किडनी ट्रांसप्लांट रैकेट मामले में पुलिस ने दो ओटी टेक्नीशियन को गुरुवार को कल्याणपुर के दलहन क्रासिंग से गिरफ्तार किया है। रविवार को आहूजा नर्सिंग होम में हुए किडनी ट्रांसप्लांट वाले दिन दोनों आरोपित राजधानी दिल्ली से फ्लाइट के जरिए कानपुर पहुंचे थे। दोनों एक केस के 35 से 40 हजार रुपये लेते थे। पुलिस आरोपितों से गहनता से पूछताछ कर रही है।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान कुलदीप सिंह राघव और राजेश कुमार के रूप में हुई है। कुलदीप हापुड़ का रहने वाला है और गाजियाबाद स्थित शांतिगोपाल नर्सिंग होम में कार्यरत है, जबकि राजेश कुमार गाजियाबाद का निवासी है और नोएडा के सर्वोदय हॉस्पिटल में काम करता है।
पूछताछ में सामने आया है कि दोनों आरोपित हर अवैध ऑपरेशन के लिए 35 से 40 हजार रुपये लेते थे। वे दिल्ली से फ्लाइट के जरिए कानपुर पहुंचे थे और ऑपरेशन में इस्तेमाल होने वाले उपकरण व दवाइयां उपलब्ध कराते थे। पुलिस को शक है कि यह रैकेट पहले सामने आए अंतरराष्ट्रीय किडनी माफिया नेटवर्क से जुड़ा हो सकता है, जो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के जरिए डोनर और मरीजों को जोड़ता था।
पुलिस उपायुक्त पश्चिम एसएम कासिम आबिदी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ में कई अहम सुराग मिले हैं और फरार डॉक्टर की तलाश के लिए टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। उन्होंने कहा कि रैकेट में शामिल अन्य लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल पुलिस ने इस मामले में लुक आउट नोटिस जारी कर दिया है और पूरे नेटवर्क की कड़ियों को जोड़ने के लिए जांच का दायरा बढ़ाया जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही इस अवैध किडनी ट्रांसप्लांट गिरोह के अन्य सदस्यों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

