home page

कानपुर : 6 करोड़ की एमडी ड्रग्स बरामद, अंतरराष्ट्रीय सिंडिकेट के तीन तस्कर भी गिरफ्तार

 | 
कानपुर : 6 करोड़ की एमडी ड्रग्स बरामद, अंतरराष्ट्रीय सिंडिकेट के तीन तस्कर भी गिरफ्तार


कानपुर, 24 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद कानपुर में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस ने मंगलवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरराष्ट्रीय ड्रग्स सिंडिकेट का खुलासा किया है। फजलगंज पुलिस और सेंट्रल जोन की सर्विलांस टीम ने संयुक्त अभियान चलाकर तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से 600 ग्राम मेफेड्रोन (एमडी) बरामद हुई है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी अनुमानित कीमत करीब छह करोड़ रुपये बताई गई है। पुलिस की जांच में गिरोह के तार विदेशों में बैठे ड्रग्स तस्करों से जुड़े होने की जानकारी सामने आई है।

ज्वाइंट पुलिस कमिश्नर विपिन ताडा ने बताया कि गिरफ्तार तस्कर अंतरराष्ट्रीय ड्रग्स सिंडिकेट के लिए काम कर रहे थे। गिरोह का संचालन खय्यामुद्दीन उर्फ खय्याम करता है, जिसके विदेशों में सक्रिय बड़े ड्रग्स तस्करों से संपर्क होने के साक्ष्य मिले हैं। पूछताछ में पता चला है कि उरई (जालौन) में संचालित ड्रग्स फैक्ट्री से तैयार माल कानपुर के बाबूपुरवा निवासी सिंडिकेट के सदस्यों के माध्यम से हासिल किया जाता था। इसके बाद मुंबई समेत लखनऊ, शाहजहांपुर, फर्रुखाबाद, उन्नाव और आगरा जैसे शहरों में इसकी सप्लाई की जाती थी।

पुलिस ने हाजिद अली उर्फ साहिल, रेहान कुरैशी और ऋषभ कुमार को गिरफ्तार किया है। तीनों को फायर स्टेशन फजलगंज के सामने गोविंद नगर जाने वाले रास्ते से पकड़ा गया। तलाशी के दौरान प्रत्येक के कब्जे से 200-200 ग्राम एमडी बरामद हुई। इसके बाद तीनों को हिरासत में लेकर एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की गई।

जांच में यह भी सामने आया कि गिरोह के सदस्य पुलिस और जांच एजेंसियों की कार्रवाई से बचने के लिए टेलीग्राम और सिग्नल एप के जरिए एक-दूसरे के संपर्क में रहते थे। इससे पहले उरई में संचालित फैक्ट्री के खुलासे के बाद डीआरआई और एटीएस की कार्रवाई में सिंडिकेट से जुड़े कुछ सदस्यों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। मुंबई में भी गिरोह के सदस्यों के पास से एमडी की बरामदगी हुई थी।

पुलिस अब सिंडिकेट के सरगना खय्यामुद्दीन उर्फ खय्याम के साथ अरवाज कट्टा, दानिश, शालू उर्फ शालू बाबा और हसीन बाबू समेत अन्य सदस्यों की तलाश कर रही है। अधिकारियों के मुताबिक, गिरफ्तार तस्करों के आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाने के साथ ही पूरे सप्लाई नेटवर्क का पता लगाया जा रहा है। मामले में अन्य गिरफ्तारियां भी हो सकती हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप