home page

कानपुर : डॉक्टर ने लाइसेंसी रिवॉल्वर से गाेली मारकर की खुदकुशी

 | 
कानपुर : डॉक्टर ने लाइसेंसी रिवॉल्वर से गाेली मारकर की खुदकुशी


कानपुर, 05 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के कानपुर जनपद में किदवई नगर थाना क्षेत्र के निराला नगर स्थित ब्लॉसम अपार्टमेंट में रविवार देर रात सरकारी चिकित्सक ने अपनी लाइसेंसी रिवॉल्वर से खुद को गोली मार ली। गोली चलने की आवाज सुनकर पत्नी कमरे में पहुंची तो चिकित्सक खून से लथपथ हालत में जमीन पर पड़े मिले। परिजन उन्हें तत्काल निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच पड़ताल में शुरू कर दी है।

मृतक की पहचान डॉ. संदीप सिंह (38) के रूप में हुई है। वह स्वास्थ्य विभाग में तैनात थे और वर्तमान में कानपुर देहात जनपद में कार्यरत थे। डाॅक्टर द्वारा

खुदकुशी की जानकारी पर घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल पर जांच की और रिवॉल्वर को कब्जे में लिया गया। इसके अलावा घटना से जुड़े अन्य साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।

पुलिस के मुताबिक, घटना के कारणों की अभी स्पष्ट पुष्टि नहीं हुई है। हालांकि, प्रारंभिक जानकारी में पारिवारिक विवाद की बात सामने आई है। रविवार देर रात पति-पत्नी के बीच विवाद होने की जानकारी भी पुलिस को मिली है। मामले की जांच की जा रही है और पूछताछ के बाद ही आत्महत्या की वजह स्पष्ट हो सकेगी।

परिजनों ने बताया कि संदीप मूलरूप से चकेरी लाल बंगला के परदेवनपुरवा के रहने वाले थे। उनके पिता राज बहादुर सिंह पत्नी और छोटे बेटे विक्रम के साथ वहीं रहते हैं। संदीप पत्नी कंचन और छह माह के बेटे के साथ निराला नगर स्थित अपार्टमेंट में अलग रह रहे थे। उनकी पहली शादी करीब चार साल पहले ही तलाक हो चुका है। पहली पत्नी से उनकी पांच साल की बेटी है। इसके बाद करीब तीन साल पहले उन्होंने कासगंज निवासी कंचन से दूसरी शादी की थी। दोनों की यह लव मैरिज थी। शादी के कुछ समय बाद से ही दोनों के बीच छोटी-छोटी बातों को लेकर विवाद होने लगे थे।

पिता राज बहादुर ने बताया कि रविवार देर रात बहू कंचन का फोन आया था। उसने घटना की जानकारी देते हुए बेटे संदीप को अस्पताल ले जाने की बात कही। इसके बाद परिवार के लोग अस्पताल पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने संदीप को मृत घोषित कर दिया।

पुलिस उपायुक्त दक्षिण दीपेंद्र नाथ चौधरी ने बताया कि चिकित्सक द्वारा सीने में गोली मारकर आत्महत्या किए जाने की सूचना मिली थी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

------------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप