कोडीन कफ सिरप मामले में कानपुर क्राइम ब्रांच ने आरोपित काे लखनऊ से किया गिरफ्तार
कानपुर, 13 मार्च (हि.स.)। कोडीन युक्त कफ सिरप मामले में क्राइम ब्रांच ने शुक्रवार को गिरोह से जुड़े एक और शातिर अपराधी को लखनऊ से गिरफ्तार किया है। आरोपित फर्जी बिल और फर्जी फर्म के जरिए नशे का कारोबार कर रहा था।
पुलिस उपायुक्त अपराध श्रवण कुमार सिंह ने बताया कि कोडीन युक्त कफ सिरप मामले में मास्टरमाइंड विनोद अग्रवाल के खिलाफ की गई कार्रवाई के दौरान मिले दस्तावेजों और साक्ष्यों के आधार पर लखनऊ के ऐशबाग निवासी प्रभात खरे की भूमिका संदिग्ध पाई गई। इसके बाद पुलिस ने प्रभात को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपित प्रभात खरे ने बताया कि उसकी मुलाकात कानपुर स्थित अग्रवाल ब्रदर्स के मालिक विनोद अग्रवाल और उनके पुत्र शिवम अग्रवाल से हुई थी। इस अवैध कारोबार के लिए विनोद अग्रवाल और शिवम अग्रवाल ने उसकी पत्नी के नाम से ध्रुव फार्मास्यूटिकल्स नाम से फर्म खुलवाई थी। इसके माध्यम से वैध दवाओं की आपूर्ति की आड़ में कोडीन युक्त कफ सिरप की अवैध तस्करी की जाती थी। फर्जी फर्म श्री राम मेडिकल एजेंसी के नाम से बिल तैयार कर दवाओं को ट्रांसपोर्ट के जरिए अलग-अलग जिलाें में भेजा जाता था।
जांच में सामने आया कि कफ सिरप को कार्टनों में पैक कर सस्ते ट्रांसपोर्ट के माध्यम से सीतापुर, लखीमपुर खीरी और बहराइच सहित अन्य जिलों में भेजा जाता था। वहां से आरोपित प्रभात खरे माल प्राप्त कर नशे के रूप में इस्तेमाल करने वाले लोगों को ऊंचे दामों पर बेचता था। इस अवैध कारोबार से प्राप्त धनराशि आरोपियों के बीच नकद बांटी जाती थी।
--------------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

