कानपुर सेंट्रल रेलवे स्टेशन को बम से उड़ाने की धमकी, पुलिस अलर्ट
कानपुर, 27 फरवरी (हि.स.) कानपुर सेंट्रल रेलवे स्टेशन को बम से उड़ाने की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया। डायल 112 कंट्रोल रूम पर एक युवक ने फोन कर रेलवे स्टेशन को उड़ाने की धमकी दी। सूचना मिलते ही रेलवे, जीआरपी और स्थानीय पुलिस के अधिकारी मौके पर पहुंच गए और पूरे स्टेशन परिसर को छावनी में तब्दील कर दिया गया। बताया जा रहा है कि अनिल नाम के युवक ने 112 पर कॉल कर यह धमकी दी। फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और कॉल करने वाले युवक की तलाश में जुटी है। डीसीपी पूर्वी सत्यजीत गुप्ता ने कहा कि जल्द ही आरोपित को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
रेलवे स्टेशन पर शुक्रवार को तत्काल चेकिंग अभियान शुरू कर दिया गया। जीआरपी, आरपीएफ, बम निरोधक, दस्ता डॉग स्क्वाड स्थानीय पुलिस की टीमों ने स्टेशन परिसर, प्लेटफॉर्म और संदिग्ध स्थानों पर सघन तलाशी अभियान चलाया। आला अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। स्टेशन पर मौजूद यात्रियों में कुछ देर के लिए दहशत का माहौल रहा। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, धमकी देने वाले युवक की पहचान अनिल के रूप में हुई है। सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और कॉल डिटेल्स के आधार पर टीम जांच में जुटी है।
प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि युवक का दावा है कि उसका फोन 24 फरवरी को कहीं गिर गया था। हालांकि पुलिस इस बयान की भी जांच कर रही है। फिलहाल सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट पर हैं और पुलिस का कहना है कि कॉल करने वाले युवक को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
वहीं उन्होंने सुरक्षा की दृष्टि से भी यात्रियों से अपील करते हुए कहा कि स्टेशन परिसर में कोई भी संदिग्ध वस्तु दिखे तो उसे छूने की बजाय तत्काल पुलिस को सूचना दें।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

