home page

रंगे हाथ पकड़ा गया चकबंदी कानूनगो, 10 हजार की रिश्वत लेते गिरफ्तार

 | 
रंगे हाथ पकड़ा गया चकबंदी कानूनगो, 10 हजार की रिश्वत लेते गिरफ्तार


बरेली, 29 अप्रैल (हि.स.) । भ्रष्टाचार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में भ्रष्टाचार निवारण संगठन की टीम को बड़ी सफलता मिली है। टीम ने फरीदपुर तहसील में तैनात चकबंदी कानूनगो को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपित के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कराया जा रहा है।

भ्रष्टाचार निवारण संगठन के अनुसार, शाहजहांपुर निवासी कमल सुधीर शुक्ला वर्तमान में तहसील फरीदपुर में चकबंदी कानूनगो के पद पर तैनात है। उस पर आरोप है कि उसने जमीन की नाप-तौल कराने के एवज में एक किसान से 10 हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी। इस संबंध में ग्राम खजुरिया निवासी शिकायतकर्ता राजीव ने संगठन से शिकायत की थी।

शिकायत को गंभीरता से लेते हुए ट्रैप टीम का गठन किया गया। प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र सिंह के नेतृत्व में टीम ने योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई की। बुधवार शाम करीब 5:22 बजे फतेहगंज पूर्वी रेलवे क्रॉसिंग के पास आरोपित को शिकायतकर्ता से रिश्वत लेते समय रंगे हाथ पकड़ लिया गया।

गिरफ्तारी के बाद आरोपित को कोतवाली ले जाया गया, जहां उसके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धाराओं में मुकदमा दर्ज करने की प्रक्रिया चल रही है। अधिकारियों का कहना है कि प्रदेश सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति के तहत भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र सिंह ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद टीम ने तत्काल ट्रैप की कार्रवाई की। आरोपित को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया है। उसके खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / देश दीपक गंगवार