कन्नौज: बिहार जा रही 30 लाख की अवैध शराब ट्रक समेत जब्त, इटावा के तीन आरोपित गिरफ्तार
कन्नौज, 13 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के कन्नौज जिले की इंदरगढ़ थाना पुलिस ने गुरुवार दोपहर 12 बजे अवैध शराब की पेटियों से भरे एक ट्रक को पकड़ा है। तलाशी में ट्रक से बिहार ले जाई जा रही 30 लाख की अवैध शराब बरामद करने के साथ तीन आरोपितों को पकड़ा गया है।
एएसपी अजय कुमार ने बताया कि इंदरगढ़ थाना पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर औरैया कन्नौज रोड पर उमर्दा की तरफ शराब की पेटियों से भरे एक ट्रक को थानाध्यक्ष विनोद कुमार कश्यप के साथ थाना पुलिस बल, एसओजी और आबकारी टीम के साथ चेकिंग के दौरान पकड़ लिया गया। टीम को ट्रक चालक और उसमें सवार दो अन्य लोगों ने पूछताछ में जिप्सम की बोरियां लदी होने की बात कही। लेकिन जब पुलिस टीम ने बोरियों को हटाकर देखा तो उसमें शराब की पेटियां नजर आ गईं। पुलिस ने जब ट्रक ड्राइवर और उसके साथियों से बिल दिखाने को कहा तो वह लोग कोई कागज नहीं दिखा सके। जिसके बाद पुलिस टीम ट्रक समेत तीनों लोगों को इंदरगढ़ थाने लेकर पहुंची। ट्रक को चेक किया तो उसमें बियर और अलग अलग प्रकार की शराब की 508 पेटियां निकलीं। जिसकी अनुमानित कीमत 30 लाख रुपये है।
एएसपी पकड़े गए लोगों में सभी इटावा जनपद के रहने वाले महताब पुत्र अनवार निवासी आजाद नगर टीला, फ्रेंड्स कालोनी, मोहम्मद इमरान पुत्र मोहम्मद अफजल निवासी कबीरगंज और सलमान पुत्र शकील अहमद निवासी मोहल्ला आजादनगर फ्रेंड्स कालोनी शामिल हैं। पूछताछ में तीनों आरोपितों ने बताया कि वह लोग चंडीगढ़ से शराब लेकर बिहार लेकर जा रहे थे। जहां शराब प्रतिबंधित होने के कारण महंगे दामों पर बिक्री हो जाती है।
एएसपी ने बताया कि इस मामले में अभी और जांच की जा रही है और अवैध तरीके से शराब लाने और बिहार में बेचने के नेटवर्क को खंगाला जा रहा है। उन्होंने बताया कि जो ट्रक बरामद किया गया, वह भी इटावा जिले का ही है।-------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव झा

