धर्मशाला में जल शक्ति विभाग में कार्यरत महिला ने फंदा लगाकर दी जान, पति व सास के खिलाफ मामला दर्ज
धर्मशाला, 02 जून (हि.स.)। धर्मशाला में जल शक्ति विभाग में आउटसोर्स पर कार्यरत 45 वर्षीय महिला ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना से ठीक पहले वह अपनी जुड़वां बहन जूली से फोन पर बात कर रही थीं। पुलिस ने मौके से एक सुसाइड नोट बरामद किया है, जिसमें मृतका ने ससुराल पक्ष की प्रताड़ना, पति द्वारा चरित्र पर शक करने और आर्थिक तंगी का जिक्र किया है।
पुलिस को मिले सुसाइड नोट में मृतका ने 14 मुख्य बिंदुओं के माध्यम से अपनी आपबीती बताई है। उन्होंने लिखा कि 2006 में उनकी शादी हुई थी, लेकिन कुछ समय बाद ही उनका जीवन कष्टमय हो गया। सुसाइड नोट के अनुसार मृतका के पति और ससुराल वाले उनके मायके जाने या किसी से भी बात करने पर शक करते थे। उन्होंने लिखा कि शक की सनक इस कदर थी कि मेरी इंसानियत आहत हो चुकी थी।
मृतका ने यह भी आरोप लगाया कि उनके पति ने कभी अपनी जिम्मेदारियां नहीं समझीं। वे अपनी मां के साथ रहते थे और उन्हें और उनके बेटे को अलग मकान में रहने के लिए छोड़ दिया था। पति छोटी-छोटी बातों पर भी लड़ाई-झगड़ा किया जाता था। मृतका ने अपने सुसाइड नोट में ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
उन्होंने लिखा कि उनके बेटे को ससुराल वालों ने अपने पास रख लिया था और उन्हें बेटे से मिलने नहीं दिया जाता था। कोर्ट द्वारा तय किया गया गुजारा भत्ता भी पति नहीं दे रहा था। यहां तक कि बच्चे को मां द्वारा दिए गए सामान का इस्तेमाल भी नहीं करने दिया जाता था। मृतका आर्थिक और मानसिक रूप से पूरी तरह टूट चुकी थी।
उधर डीएसपी मुख्यालय निशा शर्मा ने बताया कि प्रथम दृष्टया में मामला घरेलू हिंसा, मानसिक प्रताड़ना और आत्महत्या के लिए उकसाने का लग रहा है। सुसाइड नोट के आधार पर पति और ससुराल पक्ष के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है। जल्द ही आरोपियों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया जाएगा।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

