home page

मैक्लोडगंज में पंजाब के पर्यटकों के साथ मारपीट, चार घायल

 | 

धर्मशाला, 25 अगस्त (हि.स.)। पर्यटन नगरी मैक्लोडगंज में पंजाब से आए चार पर्यटकों के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। इस घटना में चारों पर्यटकों को चोटें आई हैं। मारपीट का आरोप स्थानीय लोगों और टैक्सी चालकों पर लगा है। पर्यटकों की शिकायत पर मैक्लोडगंज पुलिस थाना में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपियों की पहचान में जुट गई है।

धर्मकोट में रास्ता भटकने के बाद कार मोड़ने को लेकर हुए इस विवाद में स्थानीय लोगों और टैक्सी चालकों पर पर्यटकों से रॉड और डंडों से हमला करने का आरोप है। घटना में चारों पर्यटक घायल हुए हैं। पंजाब के तरनतारन के खडूर साहिब निवासी गुरविंदर सिंह ने मैक्लोडगंज थाने में शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत के अनुसार, गुरविंदर अपने तीन दोस्तों के साथ मैक्लोडगंज घूमने आए थे। साेमवार देर शाम धर्मकोट बाजार और कैफे की ओर जाते समय स्थानीय व्यक्ति के गलत दिशा बताने से उनकी कार एक संकरी गली में फंस गई।

कार को वापस मोड़ने के लिए उन्होंने टैक्सी पार्किंग स्थल का इस्तेमाल किया। आरोप है कि वहां मौजूद टैक्सी मालिकों ने उनके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर आरोपियों ने एक युवक की पिटाई शुरू कर दी। बचाव करने पर 6 से 9 लोगों ने चारों पर रॉड और लकड़ी के डंडों से हमला कर दिया।

गुरविंदर के सिर पर लोहे की रॉड लगने से वह बेहोश हो गए। घटना के बाद पुलिस ने मंगलवार को अज्ञात आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया। मामले की जांच इंस्पेक्टर संजय कुमार को सौंपी गई है। पुलिस आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच कर रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया