home page

धर्मशाला में 70 लाख की चोरी मामले में पुलिस ने 50 तोला सोना और 1.2 किलो चांदी की बरामद, दो आरोपी गिरफ्तार

 | 

धर्मशाला, 08 जुलाई (हि.स.)। कांगड़ा पुलिस ने धर्मशाला में हुई करीब 70 लाख रुपये की हाई-प्रोफाइल चोरी की वारदात का सफलतापूर्वक खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और निशानदेही पर करीब 50 तोला सोना तथा 1 किलो 200 ग्राम चांदी बरामद की है। मामले का खुलासा करते हुए एसपी कांगड़ा कुलभूषण वर्मा ने पत्रकार वार्ता में बताया कि पुलिस तकनीकी जांच, सीसीटीवी फुटेज और लगातार की गई पड़ताल के आधार पर आरोपियों तक पहुंच पाई है।

एसपी ने बताया कि बीते 29 जून 2026 की रात थाना धर्मशाला क्षेत्र में डॉ. अंजलि चौहान के घर में चोरी की वारदात हुई थी। शिकायत के अनुसार चोर घर से करीब 3 किलो चांदी, तीन मंगलसूत्र, तीन जोड़ी सोने की बालियां, चांदी का नेकलेस, 7 से 8 हजार रुपये नकद तथा सीसीटीवी का डीवीआर भी साथ ले गए थे।

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएचओ धर्मशाला के नेतृत्व में विशेष जांच टीम गठित की गई, जिसकी निगरानी अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) कर रहे थे। टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली तथा तकनीकी विश्लेषण के आधार पर गग्गल निवासी चंदन पुत्र डीडू राम और अंजू पत्नी रमेश कुमार को गिरफ्तार किया।

कबाड़ बीनने के बहाने करते रहे रेकी

पुलिस पूछताछ में सामने आया कि दोनों आरोपी कई दिनों से कबाड़ बीनने के बहाने इलाके की रेकी कर रहे थे। घटना वाले दिन जब परिवार शादी समारोह में गया हुआ था, तब आरोपियों ने सूने मकान को निशाना बनाकर चोरी को अंजाम दिया।

पुलिस से बचने के लिए फेंका डीवीआर

वारदात के बाद पहचान छिपाने के उद्देश्य से आरोपी सीसीटीवी का डीवीआर फतेहपुर क्षेत्र के पास एक खड्ड में झाड़ियों के बीच फेंक गए थे। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर डीवीआर बरामद कर लिया है, जिसे जांच के लिए एफएसएल भेजा गया है।

50 तोला सोना और 1.2 किलो चांदी बरामद

एसपी कुलभूषण वर्मा ने बताया कि महिला आरोपी अंजू की निशानदेही पर गग्गल में एक पुल के समीप झाड़ियों से 35 तोला सोना बरामद किया गया। वहीं जांच के दौरान यह भी सामने आया कि आरोपी चंदन ने करीब 15 तोला सोना हमीरपुर के एक जौहरी को बेच दिया था। पुलिस ने वहां से भी पिघला हुआ सोना बरामद कर लिया है तथा संबंधित जौहरी को पूछताछ के लिए नोटिस जारी किया गया है।

अब तक पुलिस कुल 50 तोला सोना और 1 किलो 200 ग्राम चांदी बरामद कर चुकी है, जिसकी बाजार कीमत करीब 65 से 70 लाख रुपये आंकी गई है। दोनों आरोपियों को न्यायालय से पुलिस रिमांड पर लिया गया है और उनसे आगे पूछताछ जारी है। पुलिस को उम्मीद है कि जांच में और भी महत्वपूर्ण जानकारियां सामने आएंगी।

एसपी ने लोगों से एहतियात बरतने को कहा

एसपी कुलभूषण वर्मा ने लोगों से अपील की है कि घर से बाहर जाने या यात्रा की जानकारी तुरंत सोशल मीडिया पर साझा न करें, क्योंकि अपराधी ऐसी सूचनाओं पर नजर रखते हैं। उन्होंने लोगों को घरों में इंटरनेट से जुड़े सीसीटीवी कैमरे और अलार्म सिस्टम लगाने, कीमती आभूषण बैंक लॉकर में सुरक्षित रखने तथा लंबे समय के लिए बाहर जाने पर पड़ोसियों और स्थानीय पुलिस को सूचना देने की सलाह दी है।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया