home page

धर्मशाला में चिकित्सक के घर चोरी मामले में दो चोर गिरफ्तार, 15 तोले सोना और एक किलो चांदी बरामद

 | 

धर्मशाला, 07 जुलाई (हि.स.)। पुलिस थाना धर्मशाला में दर्ज चोरी के एक मामले में पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस ने धर्मशाला थाना के तहत फतेहपुर में एक महिला चिकित्सक के घर हुई चोरी की गुत्थी को सुलझाते हुए दो लोगों को गिरफ्तार कर चोरी सोने चांदी में से 1 किलो चांदी और 15 तोले सोना रिकवर कर लिया है जबकि आगामी जांच जारी है। पुलिस द्वारा गिरफ्तार दोनों आरोपियों को मंगलवार को न्यायालय में पेश किया गया था जहां से उन्हें पुलिस रिमांड मिलने पर की गई पूछताछ के आधार उन्होंने चोरी किये जाने का कबूलनामा किया था।

गौरतलब है कि शिकायतकर्ता डॉ. अंजली श्रीकांत चव्हाण जोकि टांडा मेडिकल कॉलेज में बतौर चिकित्सक हैं, ने अपनी शिकायत में बताया था कि बीते 27 व 28 जून 2026 की रात्रि को जब वह घर पर नही थीं तो उनके रिहाइशी मकान से चोरों ने सोने चांदी के अलावा कुछ नकदी पर भी हाथ साफ किया था।

उन्होंने बताया था कि चोर पुश्तैनी सोने-चांदी के आभूषण, लगभग 3–4 किलो चांदी का सामान, तीन मंगलसूत्र, तीन जोड़ी सोने की बालियां, एक चांदी का नेकलेस, करीब 7–8 हजार नकदी तथा सीसीटीवी की डीवीआर को भी साथ में ले गए। शिकायत मिलने पर पुलिस ने तुरन्त कार्यवाही करते हुए मौका का निरीक्षण कर साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस द्वारा मौके से प्राप्त भौतिक व वैज्ञानिक साक्ष्यों व शक के आधार पर एक महिला व पुरुष को हिरासत में लिया जिन्होंने पुलिस रिमांड में चोरी का जुर्म कबूल कर लिया। पकड़े गए दोनों चोर कांगड़ा के गगल के रहने वाले हैं।

आरोपियों की पहचान अंजू पत्नी रमेश कुमार निवासी बंगाली क्लोनी गगल डाकखाना गगल तहसील व जिला कागंडा, उम्र 55 साल तथा चन्दन पुत्र ढीडू राम निवासी बंगाली क्लोनी गगल डाकखाना गगल तहसील व जिला कांगड़ा, उम्र 27 साल के रूप में हुई है।

एसपी कांगड़ा कुलभूषण वर्मा ने बताया कि दोनों अपराधियों ने चोरी का सामान हमीरपुर के एक आभूषण व्यापारी विवेक कुमार, पुत्र शिव कुमार, निवासी हाउस नम्बर 122, वार्ड नम्बर 5, प्रताप गली मेन बाजार हमीरपुर, जिला हमीरपुर को बेच डाला था। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उक्त सुनार के पास से 15 तोले सोना व 1 किलो चांदी को बरामद कर लिया है। उन्होंने कहा कि बाकी बचे हुए सामान को भी जल्द बरामद कर लिया जाएगा। मामले की आगामी जांच जारी है।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया