home page

चोरी के मामले में तीन चोरों सहित आभूषण खरीदने वाला भी गिरफ्तार

 | 
चोरी के मामले में तीन चोरों सहित आभूषण खरीदने वाला भी गिरफ्तार


धर्मशाला, 07 अगस्त (हि.स.)। कांगड़ा जिला के पुलिस थाना पंचरुखी में दर्ज चोरी के मामले में पुलिस ने तीन चोरों को गिरफ्तार कर सोना व चांदी भी बरामद किया है। वहीं मामले में चोरी के गहने खरीदने वाले को भी पुलिस ने पकड़ लिया है। पकड़े गए तीनों आरोपी और आभूषण खरीदने वाला बैजनाथ क्षेत्र से सम्बंधित हैं।

गौरतलब है कि बीते 4 अप्रैल को श्रवण कुमार निवासी गांव खुर्डपट्ट डाकखाना भरवाना तहसील पालमपुर जिला कांगड़ा ने शिकायत दर्ज करवाई थी कि उनके रिहायशी मकान से सोने व चांदी आभूषण चोरी हुए हैं। जिसमें पुलिस थाना पंचरुखी ने मामला दर्ज कर जांच प्रारंभ की। इस मामले में पुलिस थाना पंचरुखी की टीम द्वारा सफलता हासिल करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनसे 20 ग्राम सोना एवं 10 ग्राम चांदी की बरामदगी की है। आरोपियों में सतनाम (उम्र 30 साल) उर्फ कालू निवासी गांव व डाकखाना व तहसील बैजनाथ नजद विनवा खड्ड रेलवे पुल, गुलदीप (उम्र 23 साल) तथा बोवी (उम्र 28 साल) निवासी गांव, डाकखाना व तहसील बैजनाथ नजद विनवा खड्ड रेलवे पुल जिला कांगड़ा शामिल हैं। पुलिस पूछताछ के दौरान आरोपियों ने चोरी की वारदात स्वीकार करते हुए बताया कि उन्होंने चोरी किए गए गहने पपरोला निवासी अजीजुल इस्लाम उर्फ गोली को बेच दिए थे।

पुलिस ने तत्परता से कार्रवाई करते हुए अजीजुल इस्लाम से पूछताछ की, जिसने चोरीशुदा गहने खरीदकर उन्हें पिघलाने की बात स्वीकार की। उसकी निशानदेही पर चोरी किए गए आभुषण बरामद कर लिये गए है। मामले में आगामी तफ्तीश जारी है।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया