लंबागांव में टैक्सी चालक से 7 ग्राम चिट्टा बरामद, आरोपी गिरफ्तार
धर्मशाला, 12 अगस्त (हि.स.)। कांगड़ा जिला के पुलिस थाना लंबागांव की टीम द्वारा मंगलवार बीती देर रात को गश्त व नाकाबंदी के दौरान एक टैक्सी से 7.01 ग्राम चिट्टा बरामद किया है। पुलिस ने इस मामले में गाड़ी चालक को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई की है।
एसपी कांगड़ा कुलभूषण वर्मा ने बताया कि बीती देर रात लंबागांव थाना की पुलिस टीम को मिली गुप्त सूचना के आधार पर आलमपुर स्थित ब्यास नदी के पुल पर टैक्सी (एचपी-01डीए-1047) को जांच हेतु रोका गया। नियमानुसार गाड़ी की गहन तलाशी ली गई, तलाशी के दौरान गाड़ी से 7.01 ग्राम चिट्टा/हेरोइन बरामद हुआ। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए टैक्सी चालक को गिरफ्तार किया व बरामद मादक पदार्थ और वाहन को अपने कब्जे में ले लिया है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान विशाल कुमार (28), निवासी आलमपुर, तहसील जयसिंहपुर, जिला कांगड़ा के रूप में हुई है। आरोपी के विरुद्ध मामला दर्ज कर आगामी जांच अमल में लाई जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

