शाहपुर में घर पर छापेमारी में पुलिस ने बरामद किया चिट्टा, दो गिरफ्तार
धर्मशाला, 19 जुलाई (हि.स.)। कांगड़ा पुलिस की सीआईए टीम द्वारा शाहपुर पुलिस थाना के अंतर्गत लद्वाड़ा में एक घर पर छापेमारी कर 6.53 ग्राम चिट्टा बरामद किया है। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपी गिरफ्तार किए हैं। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक नए नेशनल हाईवे के पास स्थित लद्वाड़ा रेन शेल्टर के समीप, राम कुमार नामक व्यक्ति के घर पर छापेमारी कर दो युवकों को चिट्टा (हेरोइन) के साथ गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगामी कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
आरोपियों की पहचान परभत सिंह उर्फ गौरव (उम्र 31 वर्ष), निवासी निवासी रेहलू, वार्ड नंबर 5, तहसील शाहपुर, जिला कांगड़ा तथा राम कुमार (उम्र 32 वर्ष), निवासी लद्वाड़ा, वार्ड नंबर 6, तहसील शाहपुर, जिला कांगड़ा के रूप में हुई है।
एसपी कांगड़ा कुलभूषण वर्मा ने बताया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ शाहपुर थाना में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया है। उन्होंने कहा कि नशा तस्करी के खिलाफ पुलिस का अभियान जारी है।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

