कांगड़ा में निजी बस की चपेट में आने से स्कूटी सवार की मौत
धर्मशाला, 31 अक्टूबर (हि.स.)। कांगड़ा के गगल पुलिस थाना के तहत मांझी पुल के पास एक दर्दनाक सड़क हादसे में स्कूटी सवार युवक की मौत हो गई। यह हादसा पठानकोट की ओर से आ रही निजी बस की चपेट में आने से पेश आया जिसमें स्कूटी सवार 40 वर्षीय संदीप कुमार निवासी रछयालु के रूप में हुई है। उधर घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीणों ने चक्का जाम कर दिया। गगल के समीप मांझी पुल के पास यह सड़क हादसा हुआ है।
जानकारी के अनुसार संदीप कुमार अपनी स्कूटी पर रछयालु की ओर मुड़ रहा था। इसी दौरान पठानकोट की तरफ से आ रही एक निजी बस की चपेट में आ गया। हादसे में उसकी मौत हो गई। घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों में भारी रोष देखने को मिला और उन्होंने सड़क पर चक्का जाम कर दिया। हादसे के चलते क्षेत्र में तनावपूर्ण माहौल बन गया। हालांकि बाद में पुलिस ने घटनास्थल का दौरा कर चक्काजाम कर रहे ग्रामीणों को निजी बस चालक के खिलाफ कार्रवाई का भरोसा दिलाया जिसके बाद यातायात को बहाल किया गया। पुलिस ने निजी बस चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई की है। बस को भी कब्जे में लिया गया है।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

