ज्वाली पुलिस ने 48 घंटे में सुलझाया चोरी का मामला, नकदी और सोने के सभी आभूषण बरामद
धर्मशाला, 12 अक्टूबर (हि.स.)। पुलिस जिला नूरपुर के तहत पुलिस थाना ज्वाली में दर्ज चोरी के एक मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए महज 48 घंटे के भीतर चोरी की गई नकदी और सोने के आभूषण बरामद कर ली है। इस मामले में पुलिस ने एक नाबालिग को पकड़ा है।
गौरतलब है कि शिकायतकर्ता ने अपनी शिकायत में बताया कि बीते 8 अक्टूबर को अपने परिवार के साथ घर से बाहर गए थे। दूसरे दिन वापस आने पर घर का सामान बिखरा हुआ मिला और अलमारियों से नकदी तथा सोने के आभूषण गायब पाए गए।
शिकायत के आधार पर पुलिस थाना ज्वाली में 9 अक्टूबर को मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस थाना ज्वाली की टीम ने तुरंत जांच शुरू की। उपलब्ध साक्ष्यों, स्थानीय जानकारी और तकनीकी साधनों की मदद से महत्वपूर्ण सुराग जुटाए गए। जांच के दौरान एक नाबालिग की भूमिका सामने आई और चोरी की गई संपत्ति बरामद की गई। नाबालिग के संबंध में आगे की कार्रवाई किशोर न्याय कानून के अनुसार की जा रही है। पुलिस ने आरोपी से एक सोने की नथ, एक सोने का टीका, सोने के टॉप्स की एक जोड़ी तथा 27 हजार नकद बरामद किए गए हैं।
एएसपी नूरपुर ने बताया कि इस मामले में चोरी की गई पूरी संपत्ति बरामद कर ली गई है। उन्होंने बताया कि पुलिस जिला नूरपुर पेशेवर तरीके से काम करने और वैज्ञानिक, तकनीकी तथा साक्ष्य-आधारित जांच को उसके सही निष्कर्ष तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

