देहरा पुलिस ने तीन मंदिरों में हुई चोरी का मामला महज 2 घंटे में सुलझाया, आरोपी गिरफ्तार
धर्मशाला, 25 मई (हि.स.)। पुलिस जिला देहरा के अंतर्गत पुलिस थाना डाडासीबा द्वारा सतर्कता एवं त्वरित कार्यवाही के तहत डाडासीबा बाजार स्थित बाबा भरथरी मंदिर, शिव मंदिर तथा शनि मंदिर में हुई चोरी की घटना की शिकायत प्राप्त होने के मात्र दो घंटे के भीतर सुलझा लिया है। सोमवार को चंचल कुमार निवासी डाडासीबा, जो वर्तमान में बाबा भरथरी मंदिर के प्रधान हैं, द्वारा पुलिस थाना डाडासीबा में शिकायत दर्ज करवाई गई कि बीती रात किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा भरथरी मंदिर, शिव मंदिर तथा शनि मंदिर के ताले तोड़कर दानपात्रों में रखी नकदी, धार्मिक सामग्री, पूजा सामग्री, सवाघी एवं अन्य मंदिर संबंधी सामान चोरी कर लिया गया है। चोरी गई संपत्ति की कुल अनुमानित कीमत लगभग 7 हजार बताई गई। प्रकरण की गंभीरता को दृष्टिगत रखते हुए मामले की सूचना तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों को दी गई तथा आवश्यक दिशा-निर्देश प्राप्त कर पुलिस थाना डाडासीबा में मामला दर्ज किया गया है।
एसपी देहरा मयंक चौधरी ने बताया कि जांच के दौरान पुलिस टीम द्वारा तकनीकी साक्ष्यों, स्थानीय खुफिया जानकारी एवं संदिग्ध गतिविधियों के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए संदेही दीपक निवासी बिलाहर, जो वर्तमान में डाडासीबा में किराए पर रह रहा था, के ठिकाने पर दबिश दी गई। पूछताछ के दौरान आरोपी ने उक्त चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया।
एसपी ने बताया कि आरोपी की निशानदेही पर पुलिस द्वारा चोरी गई नकदी, धार्मिक सामग्री, आभूषण एवं अन्य मंदिर संबंधी सामान सहित चोरी की गई संपत्ति की शत-प्रतिशत बरामदगी कर ली गई है। आरोपी को विधि अनुसार गिरफ्तार कर लिया गया है तथा मामले में आगामी जांच जारी है।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

