home page

नूरपुर पुलिस ने पकड़ा 270 टीन विरोजा से भरा ट्रक, चालक गिरफ्तार

 | 

धर्मशाला, 06 अक्टूबर (हि.स.)। पुलिस जिला नूरपुर में वन संपदा के अवैध परिवहन के विरुद्ध कार्रवाई के तहत नूरपुर पुलिस ने कंडवाल बैरियर पर एक ट्रक से 15 लीटर क्षमता के 270 टीन विरोजा बरामद किए हैं। इस मामले में पुलिस ने ट्रक चालक को गिरफ्तार कर आगामी कार्रवाई की है।

एसपी नूरपुर इल्मा अफरोज ने बताया कि पुलिस चौकी कंडवाल की टीम कंडवाल बैरियर पर नाकाबंदी एवं यातायात चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान बीती रात्रि जसूर की ओर से आ रहे ट्रक नंबर एचपी38बी-6400 को चेकिंग के लिए रोका गया। ट्रक की तलाशी लेने पर पीले रंग की तिरपाल के नीचे लोहे के टीन पाए गए। जांच करने पर इनमें विरोजा पाया गया। चालक से विरोजा के परिवहन संबंधी वैध परमिट/अधिकार पत्र प्रस्तुत करने को कहा गया, लेकिन वह कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।

मौके पर वन विभाग के रेंज अधिकारी एवं वन रक्षक की मौजूदगी में टीनों को ट्रक से उतारकर गिनती की गई, जिनकी कुल संख्या 270 टीन, प्रत्येक 15 लीटर क्षमता पाई गई। वन विभाग के अधिकारी द्वारा भी उक्त सामग्री को विरोजा के रूप में सत्यापित किया गया। पुलिस द्वारा सभी टीनों को कब्जे में लेकर नियमानुसार ट्रक सहित जब्त किया गया। आरोपी की पहचान करण मन्हास पुत्र चूड़ सिंह मन्हास, निवासी गांव एवं डाकघर वेही पठियार, तहसील ज्वाली, जिला कांगड़ा के रूप में हुई है। आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ मामले में धारा 41, 42 इंडियन फारेस्ट एक्ट, 1927 एवं धारा 303(2) बीएनएस, 2023 के तहत पुलिस थाना नूरपुर में मामला दर्ज किया गया है। मामले की आगामी जांच जारी है।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया