home page

नूरपुर पुलिस ने इंदौरा में नशा तस्कर की 48.30 लाख की संपत्ति की जब्त

 | 
नूरपुर पुलिस ने इंदौरा में नशा तस्कर की 48.30 लाख की संपत्ति की जब्त


धर्मशाला, 30 अक्टूबर (हि.स.)। पुलिस जिला नूरपुर में चलाए जा रहे एंटी चिट्टा अभियान के तहत नूरपुर पुलिस ने नशा तस्करी के अवैध कारोबार से अर्जित संपत्ति के विरुद्ध एक और महत्वपूर्ण कार्रवाई अमल में लाई है। पुलिस थाना डमटाल के अंतर्गत आरोपी शमशेर सिंह पुत्र गुरदियाल सिंह, निवासी वार्ड नंबर 9, डमटाल, तहसील इंदौरा, जिला कांगड़ा की लगभग 48.30 लाख की संपत्ति एनडीपीएस एक्ट के प्रावधानों के तहत जब्त की गई है। आरोपी की जब्त की गई संपत्तियों में गांव छन्नी, तहसील इंदौरा, जिला कांगड़ा में स्थित दो मंजिला मकान, जिसमें ग्राउंड फ्लोर, फर्स्ट फ्लोर एवं बेसमेंट शामिल हैं। इस संपत्ति का मूल्य 45,90,557 रुपये निर्धारित किया गया है।

इएके अलावा नकद धनराशि में नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार से अर्जित 2,40,440 रुपये शामिल हैं। इस प्रकार आवासीय भवन एवं धनराशि सहित कुल 48,30,997 (अड़तालीस लाख तीस हजार नौ सौ सत्तानवे रुपये) की संपत्ति जब्त की गई है।

इस कार्रवाई को आगे बढ़ाते हुए पुलिस थाना डमटाल द्वारा शुक्रवार को आरोपी शमशेर सिंह को एनडीपीएस एक्ट की धारा 68-यू के अंतर्गत आदेश तामील करवाया गया। इसके तहत आरोपी को जब्त संपत्ति का कब्जा संबंधित विभाग को सौंपने के दिशा दिशा-निर्देश दिए गए हैं। आदेश का निर्धारित अवधि में पालन न किए जाने की स्थिति में सक्षम प्राधिकारी को कानून के अनुसार आवश्यक कार्रवाई करते हुए संपत्ति का कब्जा प्राप्त करने का अधिकार है।

एसएसपी नूरपुर ने बताया कि प्रदेश भर में चलाये जा रहे एंटी चिट्टा अभियान नशीले पदार्थों की बरामदगी और आरोपियों की गिरफ्तारी तक सीमित नहीं है, बल्कि नशे के अवैध कारोबार से अर्जित संपत्तियों की पहचान, जांच एवं जब्ती के माध्यम से तस्करों के आर्थिक नेटवर्क पर भी प्रहार किया जा रहा है। इस कार्रवाई का उद्देश्य नशे के कारोबार से अर्जित अवैध धन एवं संपत्ति को कानून के दायरे में लाकर नशा तस्करी की आर्थिक जड़ों को विध्वंस करना है।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया