देहरा में नशा तस्कर की 50.16 लाख से अधिक की अवैध संपत्ति फ्रीज
धर्मशाला, 23 जून (हि.स.)। पुलिस जिला देहरा द्वारा एक नशा तस्कर की मादक पदार्थों के अवैध कारोबार से अर्जित 50.16 लाख से अधिक की चल एवं अचल संपत्तियों को जब्त किया गया है।
उल्लेखनीय है कि 22 नवंबर 2025 को पुलिस थाना देहरा में एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया था। उक्त मामले में आरोपी राम पाल पुत्र बिशम्बर दास, निवासी ग्राम सूरजपुर, डाकघर ढलियारा, तहसील देहरा, जिला कांगड़ा, आयु 38 वर्ष के आवास की तलाशी के दौरान एक कमरे में रखी अलमारी से 3 किलोग्राम 628 ग्राम चरस बरामद की गई थी। इसके अतिरिक्त तलाशी के दौरान 64,035 नकद राशि तथा सोने एवं चांदी के आभूषण भी बरामद किए गए थे।
मामले की जांच के दौरान एनडीपीएस एक्ट के प्रावधानों के अंतर्गत विस्तृत वित्तीय जांच की गई। जांच में यह तथ्य सामने आया कि आरोपी द्वारा मादक पदार्थों के अवैध व्यापार से अर्जित धनराशि का उपयोग कर विभिन्न चल एवं अचल संपत्तियों का अर्जन एवं निर्माण किया गया था। जांच के दौरान आरोपी के विभिन्न बैंक खातों में जमा राशि 26 लाख 38 हजार 895 रुपये, निर्माणाधीन आवासीय मकान की कीमत 12 लाख 46 हजार 500, कार 9 लाख 28 हजार 203, स्कूटी 1 लाख,15 हजार,81 सहित नकद राशि 64,035 तथा अन्य स्रोतों से प्राप्त राशि 22,954 आरोपी के नाम पर पंजीकृत पाई गईं। वित्तीय जांच के दौरान संकलित साक्ष्यों एवं उपलब्ध अभिलेखों के आधार पर यह स्थापित हुआ कि उक्त संपत्तियां मादक पदार्थों के अवैध व्यापार से अर्जित आय से निर्मित अथवा अर्जित की गई हैं।
जांच के दौरान यह भी पाया गया कि उक्त अभियुक्त पूर्व में निम्नलिखित मामलों में संलिप्त रहा है और पुलिस थाना देहरा में नशा तस्करी के चार और मामले दर्ज किए गए हैं।
एसपी देहरा ने बताया कि पुलिस जिला देहरा द्वारा वित्तीय जांच के माध्यम से की गई यह तीसरी बड़ी कार्रवाई है। अब तक पुलिस जिला देहरा द्वारा 3 मामलों में 89 लाख, 65 हजार मूल्य की अवैध संपत्तियों को फ्रीज किया जा चुका है।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

