नूरपुर में चोरी के शक में 2 महिलाओं की जूते से पिटाई का वीडियो वायरल, पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ किया मामला दर्ज
धर्मशाला, 26 जुलाई (हि.स.)। कांगड़ा जिले के नूरपुर में चोरी के शक में पकड़ी 2 महिलाओं की जूते से पिटाई का वीडियो सोशल मीडिया में वायरल होने के बाद पुलिस ने अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ़ मामला दर्ज कर लिया है। इसका एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। घटना का संज्ञान लेते हुए नूरपुर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता बीएनएस की धारा 126(2), 115 (2) और 3 (5) के तहत केस दर्ज किया गया है।
यह घटना नूरपुर क्षेत्र के प्रसिद्ध नागनी माता मंदिर परिसर में चल रहे साप्ताहिक मेले के दौरान हुई। फिलहाल, पुलिस वीडियो की प्रामाणिकता, घटना के समय और स्थान के साथ-साथ इसमें शामिल लोगों की भूमिका की गहनता से जांच कर रही है। आरोपियों की अभी पहचान नहीं हो पाई है।
एसपी नूरपुर इल्मा अफरोज ने बताया कि किसी भी व्यक्ति को कानून अपने हाथ में लेने या स्वयं न्याय करने का अधिकार नहीं है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। जांच में दोषी पाए जाने वाले व्यक्तियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
अपुष्ट जानकारी को सोशल मीडिया पर साझा न करें लोग : एसपी
पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि वह इस घटना से जुड़ी किसी भी भ्रामक या अपुष्ट जानकारी को सोशल मीडिया पर साझा न करें। यदि किसी के पास घटना से संबंधित कोई ठोस सबूत या जानकारी है, तो वह तुरंत नजदीकी पुलिस थाने में संपर्क कर सूचित करें। नूरपुर पुलिस ने पूरे मामले की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच का आश्वासन दिया है।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

