देहरा में 6.802 किलोग्राम चूरापोस्त सहित दो आरोपी गिरफ्तार
धर्मशाला, 18 जून (हि.स.)। नशा मुक्त हिमाचल अभियान के अंतर्गत पुलिस जिला देहरा के तहत पुलिस थाना रक्कड़ की टीम द्वारा पंजाब के दो लोगों से 6 किलो 802 ग्राम पोस्त बरामद की है। रक्कड़ पुलिस ने गश्त एवं यातायात जांच के दौरान कोलापुर के समीप एक ट्रक नम्बर पीबी11डीएफ-7976 को संदेह के आधार पर रोककर तलाशी ली तो उक्त वाहन से यह चूरापोस्त बरामद की गई।
इस संबंध में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान सुखदेव सिंह, पुत्र केहर सिंह, निवासी गांव अटारी, तहसील एवं जिला अमृतसर, पंजाब, आयु 31 वर्ष और हरप्रीत सिंह, पुत्र हरचंद सिंह, निवासी गांव ध्यानपुरा, डाकघर कुराली, तहसील खरड़, जिला रूपनगर, पंजाब, आयु 36 वर्ष के रूप में हुई है। उक्त बरामदगी के संबंध में पुलिस थाना रक्कड़ में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर ट्रक को भी पुलिस ने कब्जे में लिया है। मामले की जांच जारी है। जांच में पता किया जा रहा है कि बरामद मादक पदार्थ का स्रोत क्या था तथा इसे कहां ले जाया जा रहा था।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

