इंदौरा में 428 ग्राम अफीम बरामद, एक आरोपी गिरफ्तार
धर्मशाला, 10 जुलाई (हि.स.)। पुलिस जिला नूरपुर के तहत पुलिस चौकी ठाकुरद्वारा की टीम ने एक व्यक्ति को 428 ग्राम अफीम बरामद किया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई की है। एसपी नूरपुर ने बताया कि पुलिस ने नियमित गश्त एवं मादक पदार्थों की रोकथाम हेतु मलकाना चौक पर नाका लगाया हुआ था। इसी दौरान पुलिस को गुप्त सूचना प्राप्त हुई कि सुमित ठाकुर निवासी गांव मलकाना अफीम की खरीद-फरोख्त कर रहा है तथा उसकी मोटरसाइकिल नंबर एचपी97बी-3331 में अफीम है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने तत्काल गांव मण्ड घण्डरां स्थित वाटर सप्लाई परिसर में दबिश दी तथा दो स्वतंत्र गवाहों की उपस्थिति में मोटरसाइकिल की नियमानुसार तलाशी ली।
तलाशी के दौरान मोटरसाइकिल के फ्यूज बॉक्स में छिपाकर रखी गई 428 ग्राम अफीम बरामद हुई, जिसे मौके पर कब्जे में लिया गया। साथ ही उक्त मोटरसाइकिल को भी जब्त कर लिया गया। इस संबंध में पुलिस थाना इंदौरा में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान सुमित ठाकुर (31 वर्ष) पुत्र नरेन्द्र सिंह, निवासी गांव मलकाना, डाकघर पराल, तहसील इंदौरा, जिला कांगड़ा के रूप में हुई है।
प्रारंभिक जांच में पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद अफीम का स्रोत क्या था तथा आरोपी किसी नशा तस्करी नेटवर्क से जुड़ा हुआ है या नहीं। मामले के सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है तथा यदि इस प्रकरण में अन्य व्यक्तियों की संलिप्तता सामने आती है तो उनके विरुद्ध भी नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

