home page

धर्मशाला के दाड़ी डाकघर में हुई चोरी के मामले में आरोपी से 1.45 लाख की राशि बरामद

 | 

धर्मशाला, 02 नवंबर (हि.स.)। धर्मशाला के दाड़ी स्थित डाकघर में बीते 28 अक्टूबर को देर रात हुई चोरी के मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस थाना धर्मशाला के अंतर्गत आने वाले क्षेत्र दाड़ी स्थित डाकघर में हुई चोरी के संबंध में एफआईआर दर्ज की गई थी। दाड़ी डाकघर के कर्मचारियों द्वारा शिकायत में बताया गया था कि डाकघर से 1,85,000 की नकदी चोरी हुई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए धर्मशाला पुलिस द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए लगातार प्रयास किए गए, जिसके परिणामस्वरूप आरोपी राजेश कुमार कौशिक (उम्र 32 वर्ष), निवासी ग्राम एवं डाकघर कोसमंदा, तहसील चांपा, जिला जांजगीर-चांपा (छत्तीसगढ़) को गिरफ्तार कर लिया गया।

धर्मशाला पुलिस थाना की टीम द्वारा अपनी सूझबूझ एवं आरोपी से गहन पूछताछ के आधार पर सोमवार को चोरी की गई नकदी में से 1,45,000 बरामद कर लिए गए हैं। पूछताछ के दौरान आरोपी ने बताया कि शेष राशि उसने खर्च कर दी है। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी प्रवासी मजदूर है तथा दिहाड़ी-मजदूरी करता है। इसके अतिरिक्त, आरोपी पूर्व में भी चोरी के मामलों में संलिप्त रहा है। मामले में आगामी कानूनी कार्रवाई नियमानुसार जारी है।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया