नूरपुर में 11.57 ग्राम चिट्टा बरामद, दो आरोपी गिरफ्तार
धर्मशाला, 25 नवंबर (हि.स.)। पुलिस जिला नूरपुर में चिट्टे के अवैध कारोबार एवं मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे एंटी चिट्टा अभियान के अन्तर्गत सीआईए की टीम ने प्रभावी कार्रवाई करते हुए दो व्यक्तियों को 11.57 ग्राम चिट्टे के साथ गिरफ्तार किया है। सीआईए नूरपुर की टीम को यह कामयाबी क्षेत्र में गश्त एवं नाकाबंदी के दौरान मिली है। पुलिस को मिली गुप्त सूचना के तहत पुलिस ने दो लोगों को नागाबाड़ी टोल प्लाजा के नजदीक एनएच-154 पर चिट्टा के साथ धर दबोचा।
मामले में गिरफ्तार आरोपियों की पहचान
रमन कुमार पुत्र रमेश कुमार निवासी एमसी-162, एसएसके फैक्ट्री के नजदीक, जग्गू शाह दा डेरा, कपूरथला पंजाब, उम्र 35 वर्ष तथा दलेन्द्र कुमार पुत्र धुना राम, निवासी गांव एवं डाकघर जसूर, तहसील नूरपुर, जिला कांगड़ा, उम्र 22 वर्ष के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों से बरामद चिट्टा एवं अन्य संबंधित सामान को नियमानुसार कब्जे में लिया है। इस संबंध में पुलिस थाना नूरपुर में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। दोनों आरोपियों को नियमानुसार गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले में आगामी जांच जारी है। पुलिस द्वारा आरोपियों से गहन पूछताछ कर चिट्टे की खेप के बैकवर्ड एवं फॉरवर्ड लिंकेज की जांच की जा रही है, ताकि चिट्टे की सप्लाई के स्रोत तथा इस अवैध कारोबार में संलिप्त अन्य व्यक्तियों की पहचान कर उनके विरुद्ध भी आवश्यक कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा सके।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

