नूरपुर में रिहायशी मकान से 15.33 ग्राम चिट्टा बरामद, एक आरोपी गिरफ्तार
धर्मशाला, 21 अक्टूबर (हि.स.)। पुलिस जिला नूरपुर द्वारा नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत की जा रही कार्रवाई के तहत सीआईए नूरपुर और पुलिस चौकी ढांगूपीर, पुलिस थाना डमटाल की संयुक्त टीम ने एक आरोपी को चिट्टे के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए न्यू बस्ती ढांगूपीर में कार्रवाई करते हुए आरोपी के रिहायशी मकान से 15.33 ग्राम चिट्टा/हेरोइन बरामद किया।
एएसपी नूरपुर ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना प्राप्त हुई कि गुरपिंदर सिंह पुत्र जगतार सिंह, निवासी न्यू बस्ती ढांगूपीर अपने रिहायशी मकान से आने-जाने वाले ग्राहकों को चिट्टा/हेरोइन बेच रहा है। सूचना के आधार पर नियमानुसार उसके रिहायशी मकान की तलाशी ली। तलाशी के दौरान मकान की ऊपरी मंजिल में बने कमरे में दीवार के साथ रखी लोहे की अलमारी के ऊपरी रैक में कपड़ों के बीच डिब्बे के अंदर एक पारदर्शी पॉलीथीन में चिट्टा छिपाकर रखा हुआ था। आरोपी की पहचान गुरपिंदर सिंह पुत्र जगतार सिंह, निवासी न्यू बस्ती ढांगूपीर, डाकघर भदरोया, तहसील इंदौरा, जिला कांगड़ा उम्र 39 वर्ष के रूप में हुई है।
आरोपी के खिलाफ थाना डमटाल में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर मामले की आगामी जांच जारी है तथा यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि आरोपी को चिट्टा/हेरोइन कहां से प्राप्त हुआ तथा इसके पीछे कोई अन्य व्यक्ति या सप्लाई नेटवर्क तो सक्रिय नहीं है।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

