home page

नूरपुर में चिट्टे के साथ पंजाब की दम्पती गिरफ्तार

 | 

धर्मशाला, 18 अक्टूबर (हि.स.)। पुलिस जिला नूरपुर द्वारा नशा तस्करों के विरुद्ध जारी अभियान की कड़ी में सीआईए और पुलिस चौकी सदवां की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए 11 ग्राम चिट्टा/हेरोइन बरामद कर पंजाब निवासी पति-पत्नी को गिरफ्तार किया है। बीती देर रात पुलिस टीम को हिन्दौराघाट के पास गुप्त सूचना प्राप्त हुई कि एक युवक एवं युवती बिना नंबर प्लेट की काले रंग की रॉयल एनफील्ड मोटरसाइकिल पर सवार होकर गुरदासपुर, पंजाब से चिट्टा लेकर सदवां क्षेत्र में बिक्री करने के उद्देश्य से आ रहे हैं।

सूचना के आधार पर सीआईए नूरपुर एवं पुलिस चौकी सदवां की टीम ने खज्जन स्थित नजीर टायरमैन फैक्टरी के पास उक्त मोटरसाइकिल को रोककर दोनों आरोपियों से चिट्टा बरामद कर उन्हें गिरफ्तार किया। आरोपी पति पत्नी की पहचान प्रकाश सिंह पुत्र मंजीत सिंह, निवासी गांव, डाकघर एवं तहसील नौशैहरा मज्जा सिंह, जिला गुरदासपुर, पंजाब, उम्र 24 वर्ष और सोनिया पत्नी प्रकाश सिंह, निवासी गांव, डाकघर एवं तहसील नौशैहरा मज्जा सिंह, जिला गुरदासपुर, पंजाब, उम्र 19 वर्ष के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान मोटरसाइकिल से संबंधित दस्तावेज/आरसी भी बरामद नहीं हुई है। इस मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत पुलिस थाना नूरपुर में मामला दर्ज किया गया है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है तथा मामले की आगामी जांच जारी है। पुलिस द्वारा चिट्टे की आपूर्ति के स्रोत और इस अवैध कारोबार में संलिप्त अन्य व्यक्तियों की पहचान करने के लिए जांच की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया