home page

पालमपुर में दुकान से चिट्टा बरामद, सेल्समैन गिरफ्तार, दुकान मालिक फरार

 | 
पालमपुर में दुकान से चिट्टा बरामद, सेल्समैन गिरफ्तार, दुकान मालिक फरार


धर्मशाला, 15 अक्टूबर (हि.स.)। सीआईए और पुलिस थाना पालमपुर की टीम ने पालमपुर में एक दुकान से 10.41 ग्राम चिट्टा बरामद किया है। पुलिस ने इस मामले में फिलहाल एक युवक को गिरफ्तार किया है जबकि दुकान का मालिक फिलहाल फरार है। पकड़ा गया चिट्टा पार्सल के बोरे से बरामद किया गया। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए, पालमपुर बाजार स्थित 'गुरु कृपा हैंडलूम शॉप' में दबिश दी। पुलिस को सूचना मिली थी कि दुकान मालिक वरुण खन्ना ने ट्रांसपोर्ट के माध्यम से एक पार्सल मंगवाया है, जिसमें हेरोइन/चिट्टा छिपाकर रखा गया है तथा दुकान पर मौजूद दूसरे व्यक्ति को भी इस अवैध नशे की खेप के बारे में पूरी जानकारी है।

दबिश के दौरान तलाशी लेने पर दुकान में रखे एक बोरे से पार्सल के अंदर 10.41 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद किया गया। पुलिस ने दुकान पर मौजूद आरोपी अमित कुमार को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दुकान का मुख्य मालिक वरुण खन्ना फरार है, जिसे कांगड़ा पुलिस जल्द ही गिरफ्तार कर लेगी।

पुलिस थाना पालमपुर की टीम ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है और हेरोइन (चिट्टा) को अपने कब्जे में ले लिया है।

आरोपियों में अमित कुमार (आयु 27 वर्ष), निवासी गांव मझेरना, तहसील बैजनाथ, जिला कांगड़ा जोकि दुकान में बतौर सेल्समैन काम करता है। वहीं मुख्य आरोपी दुकान मालिक वरुण खन्ना है जो चिट्टा पीने और बेचने का आदी है तथा जिसके खिलाफ पहले भी एनडीपीएस एक्ट के तहत मामले दर्ज हैं।

एसपी कांगड़ा ने बताया कि पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि इस अवैध नशे के कारोबार में और कौन-कौन लोग शामिल हैं तथा यह खेप कहां से मंगवाई गई थी।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया