नूरपुर पुलिस ने नशा तस्करी के दो मामलों में 3 आरोपी किए गिरफ्तार, 116 ग्राम चरस और 10.47 ग्राम चिट्टा बरामद
धर्मशाला, 09 अक्टूबर (हि.स.)। पुलिस जिला नूरपुर द्वारा नशे के अवैध कारोबार के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के अंतर्गत पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इन मामलों में पुलिस द्वारा 116 ग्राम चरस तथा 10.47 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद किया गया है। इसके अतिरिक्त, दोनों मामलों में एक-एक वाहन भी कब्जे में लिया गया है।
पहले मामले में 116 ग्राम चरस बरामद, एक आरोपी गिरफ्तार
पुलिस जिला नूरपुर की सीआईए टीम ने गश्त एवं नाकाबंदी के दौरान जौंटा के समीप एक वाहन से 116 ग्राम चरस बरामद की गई जिसमें सवार वाहन चालक को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ पुलिस थाना नूरपुर में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।
इस मामले में आरोपी काकू पुत्र वीरू, निवासी गांव रिखवानी, डाकघर सिंघा, तहसील सलूणी, जिला चम्बा, उम्र 33 वर्ष को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने बरामद चरस तथा संबंधित वाहन नंबर एचपी 81-5184 को भी कब्जे में लिया गया है।
दूसरे मामले में 10.47 ग्राम चिट्टा बरामद, दो आरोपी गिरफ्तार
वहीं दूसरे मामले में सीआईए टीम ने गश्त एवं नशे के विरुद्ध कार्रवाई के दौरान क्षेत्र में एक सफेद रंग की टाटा अल्ट्रोज कार में सवार दो व्यक्तियों को 10.47 ग्राम चिट्टा बरामद किया है। आरोपी चिट्टा लेकर पठानकोट से जसूर की ओर आ रहे थे। सीआईए टीम कंडवाल पुलिस चौकी के बाहर एनएच-154 पर नाकाबंदी की। इस दौरान संदिग्ध वाहन नंबर HP 28C-3330 को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान वाहन की चालक सीट के फुट मैट के नीचे छिपाकर रखा गया 10.47 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद हुआ। इस मामले में दो आरोपियों को राकेश कुमार पुत्र अमर सिंह, निवासी गांव एवं डाकघर जौंटा, तहसील नूरपुर, जिला कांगड़ा तथा गौरव कुमार पुत्र अशोक कुमार, निवासी गांव खज्जियां, डाकघर खेल, तहसील नूरपुर, जिला कांगड़ा को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस ने बरामद चिट्टे तथा संबंधित वाहन को कब्जे में लिया है। इस संबंध में पुलिस थाना नूरपुर में एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है। मामले में आगामी जांच जारी है।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

