नूरपुर में 11.81 ग्राम चिट्टे सहित दो आरोपी गिरफ्तार
धर्मशाला, 28 सितंबर (हि.स.)। पुलिस जिला नूरपुर द्वारा मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध कार्रवाई के तहत सीआईए विंग ने छतरोली के पास एक सैंट्रो कार से 11.81 ग्राम हैरोइन (चिट्टा) बरामद कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ़ पुलिस ठवन नूरपुर में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई की है। पुलिस टीम को गश्त के बीती देर रात सूचना प्राप्त हुई कि सैंट्रो कार नंबर एचपी-21ए-3525 में दो व्यक्ति हैरोइन/चिट्टा लेकर छतरोली में मौजूद हैं। सूचना के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम स्वतंत्र गवाहों सहित मौके पर पहुंची।
सोमवार तड़के करीब चार बजे बाबा दत्ता मल शोरूम, छतरोली के सामने उक्त वाहन को चेक किया गया। वाहन की तलाशी के दौरान सीट के अंदर छिपाकर रखा काले रंग का पॉलीथिन लिफाफा बरामद हुआ, जिसमें 11.81 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। पुलिस ने बरामद मादक पदार्थ एवं वाहन को नियमानुसार कब्जे में लिया है। आरोपियों की पहचान संदीप कुमार उर्फ सैंडी पुत्र स्वर्गीय राज कुमार, निवासी गांव बासा, डाकघर एवं तहसील नगरोटा सूरियां, जिला कांगड़ा, उम्र 36 वर्ष तथा अंकुश पुत्र स्वर्गीय शेर सिंह, निवासी वीपीओ एवं तहसील नगरोटा सूरियां, जिला कांगड़ा, उम्र 32 वर्ष के रूप में हुई है।
एसपी नूरपुर इल्मा अफरोज ने बताया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत पुलिस थाना नूरपुर में मामला दर्ज किया गया है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले की आगामी जांच की जा रही है तथा मादक पदार्थ की आपूर्ति से जुड़े बैकवर्ड एवं फॉरवर्ड लिंकेज की जांच जारी है।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

