पालमपुर के समीप दो नशा तस्करों से 25.37 ग्राम चिट्टा बरामद, गिरफ्तार
धर्मशाला, 27 सितंबर (हि.स.)। नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत शनिवार बीती देर रात कांगड़ा पुलिस की सीआईए टीम ने दो तस्करों को चिट्टे के साथ गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों में एक पंजाब का रहने वाला है। पुलिस टीम को मिली गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस थाना पंचरुखी के अंतर्गत आने वाले साई यूनिवर्सिटी बैंड के समीप यह बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर थाना पंचरुखी में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई की है।
एसपी कांगड़ा कुलभूषण वर्मा ने बताया कि सीआईए टीम ने विशेष गश्त एवं नाकाबंदी के दौरान श्री साई यूनिवर्सिटी बैंड के समीप संदिग्ध अवस्था में घूम रहे दो व्यक्तियों को 25.37 ग्राम चिट्टे/हेरोइन के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों के खिलाफ पुलिस थाना पंचरुखी में मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई की गई है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पलविंदर सिंह (39 वर्ष), गांव व डाकघर दवावाल कलां, तहसील बटाला, जिला गुरदासपुर (पंजाब) तथा ऋषभ कुमार (35 वर्ष) गांव व डाकघर अवेरी, तहसील बैजनाथ, जिला कांगड़ा के रूप में हुई है।
एसपी ने बताया कि पुलिस आरोपियों से गहनता से पूछताछ कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि यह खेप कहां से लाई जा रही थी और इसे किसे सप्लाई किया जाना था।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

