धर्मशाला में चिट्टे के साथ दो गिरफ्तार, कार भी जब्त
धर्मशाला, 24 सितंबर (हि.स.)। कांगड़ा पुलिस की सीआईए टीम ने बुधवार बीती देर रात धर्मशाला पुलिस थाना के तहत दो लोगों को चिट्टे के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई की है।
सीआईए टीम को मिली गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस थाना धर्मशाला के अंतर्गत आने वाले क्षेत्र सुधेड़ खास (चंबी से धर्मशाला मार्ग) पर एक विशेष नाकाबंदी की गई थी। नाकाबंदी के दौरान चंबी की तरफ से आ रही एक ऑल्टो कार (नंबर एचपी 54सी 8690) को जांच के लिए रोका गया। कार की तलाशी लेने पर उसमें सवार दो व्यक्तियों के कब्जे से 5.92 ग्राम चिट्टा/हेरोइन बरामद की गई। सीआईए टीम ने मौके पर तुरंत कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत संबंधित धाराओं में पुलिस थाना धर्मशाला में मामला दर्ज कर लिया है। घटना में इस्तेमाल की गई ऑल्टो कार को भी पुलिस ने कब्जे में ले लिया है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दलविंदर सिंह (उम्र 40 वर्ष), निवासी गांव जोल, डाकघर भाली, तहसील जवाली, जिला कांगड़ा तथा सूरज साहू (उम्र 20 वर्ष), निवासी मकान नंबर 15/729, गली नंबर 1, गुरु गोबिंद सिंह नगर, मजीठा रोड, अमृतसर शहर, जिला अमृतसर (पंजाब) के रूप में हुई है।
धर्मशाला पुलिस द्वारा मामले की आगामी कार्रवाई व गहन पूछताछ जारी है ताकि यह पता लगाया जा सके कि यह खेप कहां से लाई जा रही थी और किसे सप्लाई की जानी थी।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

