गगल में कार सवार से मिला चिट्टा, आरोपी गिरफ्तार
धर्मशाला, 21 सितंबर (हि.स.)। पुलिस जिला कांगड़ा के तहत गगल में रविवार बीती देर रात कांगड़ा पुलिस की सीआईए टीम ने एक कार चालक से 7.22 ग्राम चिट्टा बरामद किया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ गगल थाना में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। सीआईए टीम को मिली गुप्त सूचना के आधार पर गगल के अंतर्गत राजोल के समीप गज खड्ड पुल पर नाकाबंदी व चेकिंग की जा रही थी। इस दौरान एक बलेनो कार (एचपी-36एफ-8915) को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान कार चालक के कब्जे से 7.22 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद हुआ। पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है तथा अपराध में प्रयुक्त बलेनो कार को कब्ज़े में ले लिया है।
आरोपी की पहचान लकी (आयु 35 वर्ष) निवासी गढ़ बनखंडी, तहसील देहरा, जिला कांगड़ा के रूप में हुई है। कांगड़ा पुलिस आरोपी से गहनता से पूछताछ कर रही है कि वह यह चिट्टा/हेरोइन कहां से लाया था और किसे सप्लाई करने वाला था। एसपी कांगड़ा कुलभूषण वर्मा ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ पुलिस थाना गगल में मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

