बैजनाथ और कांगड़ा में दो मामलों में 18.81 ग्राम चिट्टा बरामद, चार गिरफ्तार
धर्मशाला, 17 सितंबर (हि.स.)। कांगड़ा पुलिस टीम ने नाकाबंदी और चेकिंग के दौरान दो अलग-अलग मामलों में 18.81 ग्राम चिट्टा/हेरोइन बरामद की है। इस मामले में पुलिस ने 4 आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामले दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पहले मामले में पुलिस थाना बैजनाथ के अंतर्गत आने वाले क्षेत्र में बैजनाथ पुलिस टीम ने एक रिहायशी परिसर की तलाशी ली। तलाशी के दौरान बिस्तर के गद्दे के नीचे छिपाकर रखा गया 6.35 ग्राम चिट्टा/हेरोइन बरामद किया गया। इस संबंध में दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ़ एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 के तहत पुलिस थाना बैजनाथ में मामला दर्ज किया गया है। मामले की आगामी जांच पुलिस थाना बैजनाथ के जांच अधिकारी द्वारा की जा रही है।
पकड़े गए आरोपियों में आनंद गुरंग उर्फ किप्पू, निवासी कथोग, बैजनाथ और राहुल वर्मा, निवासी होशियारपुर, पंजाब शामिल हैं।
वहीं दूसरे मामले में पुलिस थाना कांगड़ा की टीम द्वारा कांगड़ा के अधिकार क्षेत्र में पुराने कांगड़ा रोड के समीप रेन शेल्टर पर दो व्यक्तियों को काबू किया गया। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से 12.46 ग्राम चिट्टा/हेरोइन बरामद की गई। इस संबंध में पुलिस थाना कांगड़ा में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है तथा आगामी जांच जारी है। आरोपियों में अमित कुमार (25 वर्ष), निवासी गांव एवं डाकघर बगली, तहसील कांगड़ा, जिला कांगड़ा तथा निखिल व्यास (30 वर्ष), निवासी गांव मझाणू, डाकघर एवं तहसील पंचरुखी, जिला कांगड़ा शामिल हैं। एसपी कांगड़ा कुलभूषण वर्मा ने बताया कि पुलिस चरस के मुख्य स्रोत और इसकी सप्लाई चेन का पता लगाने के लिए पुलिस द्वारा गहन जांच जारी है।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

