पालमपुर में कार सवार से 121 ग्राम चरस, आरोपी गिरफ्तार
धर्मशाला, 20 अगस्त (हि.स.)। कांगड़ा पुलिस की सीआईए टीम ने पालमपुर में एक कार से 121 ग्राम चरस बरामद की है। पुलिस ने इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने पालमपुर पुलिस थाना में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई की है। पुलिस टीम ने पालमपुर क्षेत्र में आने वाले सीनियर सेकेंडरी स्कूल खलेट के समीप नाकेबंदी के दौरान एक स्विफ्ट कार को तलाशी के लिए रोका गया तो वाहन की चेकिंग के दौरान कार सवार से 121 ग्राम चरस बरामद हुई है।
आरोपी की पहचान राकेश कुमार, उम्र 32 वर्ष, गांव खलेट, वार्ड नंबर 8, डाकखाना ठाकुरद्वारा, तहसील पालमपुर, जिला कांगड़ा के रूप में हुई है। पुलिस द्वारा तत्काल कार्यवाही करते हुए 121 ग्राम चरस व वाहन को अपने कब्जे में ले लिया है तथा आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगामी कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि आरोपी यह चरस कहां से लाया था और किसे सप्लाई करने जा रहा था।
एसपी कांगड़ा कुलभूषण वर्मा ने आम लोगों से अपील की है कि कोई भी व्यक्ति नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त पाया जाता है, तो इसकी सूचना तुरंत स्थानीय पुलिस को दें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गुप्त रखी जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

