home page

इंदौरा और ज्वाली में 7.90 ग्राम चिट्टा बरामद, 3 आरोपी गिरफ्तार

 | 

धर्मशाला, 04 अगस्त (हि.स.)। पुलिस जिला नूरपुर द्वारा नशे के अवैध कारोबार के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत लगातार कार्रवाई करते हुए इंदौरा और ज्वाली में 7.90 ग्राम चिट्टा बरामद कर 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के अधीन मामले दर्ज किए हैं।

पहले मामले में पुलिस थाना इंदौरा की टीम द्वारा टांडा क्षेत्र में लगाए गए नाके के दौरान एक संदिग्ध स्कूटी चालक को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान स्कूटी की डिक्की से 7 ग्राम हैरोइन/चिट्टा बरामद हुआ।

आरोपी की पहचान मुकुल सल्गोत्रा (18 वर्ष) निवासी गांव व डाकघर गुढ़ा कलां, जिला पठानकोट (पंजाब) के रूप में हुई है। आरोपी को गिरफ्तार कर स्कूटी को कब्जे में लिया गया है। मामले की जांच जारी है।

वहीं दूसरे मामले में पुलिस थाना ज्वाली की टीम ने गश्त के दौरान गुप्त सूचना के आधार पर ज्वाँवाला रेलवे स्टेशन के पास एक सफेद रंग की एक्टिवा स्कूटी की तलाशी लेने पर उसकी डिक्की से 0.90 ग्राम हैरोइन/चिट्टा बरामद किया गया। मौके से नशा सेवन में प्रयुक्त इंजेक्शन, फॉयल पेपर व अन्य सामग्री भी बरामद की गई। इस मामले में विनय कुमार (38 वर्ष) एवं अजय कुमार (34 वर्ष) दोनों निवासी राजा का तालाब, तहसील फतेहपुर, जिला कांगड़ा के विरुद्ध मामला दर्ज किया गया है। मामले की आगामी जांच जारी है।

एएसपी नूरपुर ने बताया कि उक्त दोनों मामलों में संबंधित पुलिस थानों में एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मामले दर्ज किए गए हैं। पुलिस द्वारा आरोपियों से पूछताछ की जा रही है तथा यह पता लगाया जा रहा है कि बरामद मादक पदार्थ कहां से लाया गया था और इसकी आपूर्ति किन व्यक्तियों को की जानी थी।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया