कांगड़ा पुलिस ने नशा तस्करों से पकड़ा 154 ग्राम चिट्टा और 1.412 किलो चरस
धर्मशाला, 17 जुलाई (हि.स.)। कांगड़ा पुलिस ने एक बड़े अंतरराज्यीय ड्रग नेटवर्क का भंडाफोड़ करते हुए भारी मात्रा में चिट्टे और चरस की खेप बरामद की हैं। कांगड़ा पुलिस द्वारा यह कार्रवाई धर्मशाला, पालमपुर और बैजनाथ क्षेत्रों में की गई। पुलिस के 'चिट्टा और नशा विरोधी अभियान' के तहत विशेष इन्वेस्टिगेशन टीम (सीआईए) ने पिछले 24 घंटों में जिले के विभिन्न क्षेत्रों में छापेमारी करते हुए भारी मात्रा में हेरोइन (चिट्टा) और चरस बरामद की गई। इन मामलों में पुलिस ने 7 नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है जिनमें 2 नाबालिग भी शामिल हैं।
एसपी कांगड़ा कुलभूषण वर्मा ने शुक्रवार को पत्रकार वार्ता में यह जानकारी दी है। उन्होंने बताया कि इस दौरान नशा तस्करी में प्रयोग लाए गए दो ऑल्टो कारें और एक मोटरसाइकिल भी जब्त किए गए हैं।
उन्होंने बताया कि सबसे बड़ा मामला धर्मशाला पुलिस थाना के अंतर्गत सामने आया है जहां 154.51 ग्राम चिट्टा बरामद किया गया है। जिसकी बाजार कीमत करीब 1.05 करोड़ मूल्य है। इस मामले में मुख्य आरोपी संदीप को गिरफ्तार किया गया है, जो कांगड़ा जिले का निवासी है। संदीप लंबे समय से पुलिस की निगरानी में था और जिले में नशे की बड़ी खेप पहुंचाने का मुख्य सूत्रधार माना जाता है।
इस मामले में एक नाबालिग भी शामिल है और तस्करी में प्रयुक्त एक ऑल्टो कार जब्त की गई है। पुलिस ने इस नेटवर्क के आगे के संबंधों की जांच करते हुए पालमपुर से एक और तस्कर को हिरासत में लिया है, जिससे पूछताछ जारी है।
पालमपुर और बैजनाथ में चरस के 3 बड़े मामलों का भंडाफोड़
वहीं पालमपुर थाना क्षेत्र में 114 ग्राम चरस के साथ धीरज कुमार (24), निवासी चम्बा को गिरफ्तार किया गया है। पालमपुर थाना के तहत ही दूसरे मामले में मंडी जिला के थची निवासी जोगिंदर कुमार को 1 किलो 2ग्राम चरस के साथ गिरफ्तार किया गया, जो अपनी ऑल्टो कार से खेप ले जा रहा था।
इसी तरह बैजनाथ थाना के तहत 269 ग्राम चरस बरामद की गई है। इस मामले में कांगड़ा के ही अनिल कुमार (22), शिवान (18) और एक नाबालिग को नामजद किया गया है।
कुल मिलाकर तीन मामलों में 1.412 किलोग्राम चरस की बरामदगी हुई है। इन मामलों में 7 नशा तस्कर गिरफ्तार किए गए हैं जिनमें 5 शातिर अपराधी हैं जबकि, 2 नाबालिग शामिल हैं।
एसपी कांगड़ा कुलभूषण वर्मा ने बताया कि पुलिस नशे के खिलाफ़ जीरो टॉलरेंस पर काम कर रही है। उन्होंने नशा तस्करों को कड़े शब्दों में चेतावनी देते हुए कहा, “कांगड़ा पुलिस नशे के सौदागरों के खिलाफ 'जीरो टॉलरेंस' नीति पर काम कर रही है। हम सिर्फ पेडलर्स को नहीं, बल्कि बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंक के जरिए मुख्य सरगनाओं को पकड़ रहे हैं। स्थानीय जनता के सहयोग से खुफिया सूचनाओं पर तुरंत एक्शन लिया जा रहा है।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

