home page

नूरपुर पुलिस ने 16.41 ग्राम चिट्टे के साथ पंजाब के नशा तस्कर को किया गिरफ्तार

 | 
नूरपुर पुलिस ने 16.41 ग्राम चिट्टे के साथ पंजाब के नशा तस्कर को किया गिरफ्तार


धर्मशाला, 29 जून (हि.स.)। पुलिस जिला नूरपुर के अंतर्गत अपराध जांच शाखा (सीआईए) की टीम ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एक और बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस टीम ने मठोली (जसूर) के पास नाकाबंदी के दौरान पंजाब के अमृतसर से आए एक नशा तस्कर को 16.41 ग्राम चिट्टा के साथ गिरफ्तार किया है। नशा तस्करों के विरुद्ध तैनात सीआईए नूरपुर की टीम को एक पुख्ता और विश्वसनीय गुप्त सूचना प्राप्त हुई थी।

सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने मठोली (जसूर) के समीप सुनियोजित ढंग से नाकाबंदी की और संदेह के आधार पर एक युवक को रोका। सभी कानूनी प्रक्रियाओं को पूर्ण करते हुए जब युवक की तलाशी ली गई, तो उसके कब्जे से 16.41 ग्राम चिट्टा बरामद की गई। आरोपी की पहचान करण कुमार (उम्र 24 वर्ष) पुत्र राकेश कुमार निवासी गली नम्बर 2, मकबूलपुरा, तहसील एवं जिला अमृतसर (पंजाब) के रूप में हुई है। पुलिस ने मौके पर ही मादक पदार्थ को जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

इस संदर्भ में आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई अमल में लाई गई है।

एसपी नूरपुर इल्मा अफरोज ने बताया कि आरोपी से गहनता से पूछताछ की जा रही है ताकि नशा तस्करी के इस नेटवर्क के बैकवर्ड एवं फॉरवर्ड लिंकेज, मादक पदार्थ के मुख्य स्रोत, सप्लाई चेन और वित्तीय लेन-देन का पता लगाकर इससे जुड़े अन्य लोगों के खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई की जा सके।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया