नूरपुर में 39.14 ग्राम हेरोइन बरामद, एक ही परिवार के तीन सदस्य गिरफ्तार
धर्मशाला, 23 जून (हि.स.)। पुलिस जिला नूरपुर की सीआईए टीम ने नशा तस्करों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए थाना इंदौरा क्षेत्र में एक घर से 39.14 ग्राम हेरोइन बरामद की है। पुलिस ने इस मामले में एक ही परिवार के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई की है।
एसपी नूरपुर कुलभूषण वर्मा ने बताया कि सीआईए नूरपुर की टीम क्षेत्र कंडवाल, भदरोया, इंदौरा और डमटाल में नियमित गश्त पर थी। गश्त के दौरान जब पुलिस टीम रेलवे फाटक, गांव तमोता के पास मौजूद थी, तो गुप्त सूचना प्राप्त हुई कि एक परिवार द्वारा चिट्टा बेचने का धंधा किया जा रहा है। पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कल्पना उर्फ कप्पू (27 वर्ष), निवासी गांव तमोता, अपनी बहन गुलफाम उर्फ रीता (32 वर्ष) और जीजा पवन कुमार (36 वर्ष), निवासी गांव बलागन, तहसील दसूहा, जिला होशियारपुर (पंजाब) के साथ मिलकर गांव तमोता में कल्पना के आवासीय परिसर से हेरोइन बेचने का धंधा कर रहे हैं।
सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने निर्दिष्ट स्थान पर दबिश दी। तलाशी के दौरान मकान से 39.14 ग्राम हेरोइन बरामद किया गया। बरामद मादक पदार्थ को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है।
मामले में उक्त तीनों आरोपियों के विरुद्ध थाना इंदौरा में एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

