home page

13 वर्षीय बालक के बैग से 130 ग्राम चिट्टा बरामद, अमृतसर से जीजा ने भेजा था सामान के साथ चिट्टा

 | 

धर्मशाला, 02 मई (हि.स.)। नशे के काले कारोबार में जुड़े लोगों के लिए रिश्ते भी मायने कोई मायने नही रखते। ऐसा ही नशा तस्करी से जुड़ा एक मामला कांगड़ा में सामने आया है, जहां एक जीजा ने अपने नाबालिग साले से चिट्टा तस्करी करवाने का प्रयास किया। हालांकि पुलिस ने नाबालिग आरोपी को चिट्टे की बड़ी खेप के साथ एचआरटीसी की बस में पकड़ लिया। 13 वर्षीय आरोपी बालक से इस दौरान 130.48 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। पुलिस पूछताछ में पता चला कि आरोपी बालक के जीजा ने उसे नशे का सामान दिया था।

जिला कांगड़ा के गग्गल क्षेत्र में पुलिस ने अमृतसर से बैजनाथ आ रही एचआरटीसी की बस में अकेले सफर कर रहे 13 वर्षीय बालक के कब्जे से यह चिट्टा (हेरोइन) बरामद किया है। मामले में पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार बीती रात करीब 8:25 बजे सीआईए कांगड़ा के एएसआई मनजीत सिंह अपनी टीम के साथ बनोई पुल के पास राष्ट्रीय राजमार्ग पर वाहनों की जांच कर रहे थे। इसी दौरान अमृतसर से बैजनाथ जा रही एचआरटीसी बस (नंबर HP53A-2183) को जांच के लिए रोका गया।

बस की तलाशी के दौरान एक नाबालिग बालक अकेला बैठा मिला। पूछताछ में उसने नाम पता बताया और अपनी उम्र 13 वर्ष बताई। पुलिस ने जब उसके पिट्ठू बैग की जांच की, तो उसमें से 130.48 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ।

पूछताछ में बालक ने बताया कि यह सामान उसे अमृतसर में उसके जीजा अमन कुमार ने दिया था और उसे बस में बैठाकर कहा था कि पालमपुर पहुंचने पर वह खुद आकर सामान ले लेगा। पुलिस ने बरामद चिट्टा को कब्जे में लेकर थाना गग्गल में एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 के तहत मामला दर्ज किया है। मामले की आगे की जांच पुलिस द्वारा जारी है।

वहीं, नाबालिग बालक को जुवेनाइल जस्टिस बोर्ड के आदेशानुसार 14 दिनों के लिए ऑब्जर्वेशन होम ऊना भेज दिया गया है।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया